आगरालीक्स…आगरा में मेट्रो कंस्ट्रक्शन के पास कार के ऊपर गिरा लकड़ी का स्लीपर. शीशे को तोड़कर अंदर घुसा, मेट्रो ने कहा—हम नहीं करते स्लीपर का उपयोग
आगरा में आईएसबीटी के पास मेट्रो कंस्ट्रक्शन के नीचे एक कार के ऊपर बड़ा सा लकड़ी का स्लीपर गिरा. यह स्लीपर कार के शीशे तोड़ता हुआ चालक वाली सीट की तरफ अंदर घुसा. चंद इंच की दूरी से ही चालक इसकी चपेट में नहीं आया लेकिन इसके बावजूद वह चोटिल हो गया. बताया जा रहा है कि यह लकड़ी का स्लीपर मेट्रो के लिए बनाए जा रहे ट्रैक से गिरा है लेकिन मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो में हम गिट्टी रहित ट्रैक का उपयोग करते हैं. ट्रैक निर्माण में स्लीपर का उपयोग नहीं किया जाता है.
मेट्रो के लिए हाइवे पर खंदारी से सिकंदरा तक के लिए ट्रैक का निर्माण कार्य किया जा रहा है. सोमवार को आईएसबीटी के पास से एक कार गुजर रही थी तभी अचानक कार के ऊपर एक भारी लकड़ी का स्लीपर गिरा. स्लीपर काफी बड़ा था और वह शीशे को तोड़ते हुए अंदर जा घुसा. चालक के सिर से कुछ इंच गैप रह गया अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. फिलहाल जांच की जा रही है.