आगरालीक्स…आगरा में 25 साल की विवाहिता का एक्सप्रेस वे के किनारे शव नाले में मिला. कंबल में लिपटा हुआ था और काले टेप से था पैक…
आगरा में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. खंदौली थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे नाले में एक महिला का शव मिला है. शव कंबल से लिपटा हुआ था और काले टेप से पैक था. हत्या करके शव को यहां फेंका गया है. ग्रामीणों ने जब इसको देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी. पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मृतका की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. शुक्रवार को कुछ ग्रामीण एक्सप्रेस वे के किनारे बकरियां चराने के लिए गए थे. उन्होंने नाले में संदिग्ध हालत में एक शव को देखा. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया. शव कंबल में लिपटा हुआ था और काले टेप से पैक था. खोलकर देखा तो उसमें एक विवाहिता का शव था. उसकी उम्र करीब 25 साल की होगी. सूचना पर पुलिस की फील्ड यूनिट, एसओजी और एसीपी मौके पर पहुंच गए. प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है. आशंका है कि हत्या करने के बाद कार में लाकर यह शव यहां फेंका गया है. पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं.