आगरालीक्स…आगरा मेट्रो के लिए छह साल तक खुदाई चलेगी तो जॉब भी खूब मिलेगी…युवा उत्साहित.
आगरा में सात दिसंबर को मेट्रो का शिलान्यास हो गया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे आत्मनिर्भर भारत की ओर बढता कदम बताया है तो वहीं यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे प्रदेश में विकास की नई रफ्तार. अब जबकि मेट्रो का काम ताजनगरी में तेजी से स्टार्ट हो गया है तो वहीं आगरा के युवाओं में अभी से मेट्रो में अपना भविष्य दिखाई देने लगा है. उन्हें उम्मीद है कि आगरा मेट्रो से नये रोजगार उपलब्ध होंगे और उन्हें जॉब के लिए परेशान नहीं होना पडेगा.

छह साल तक चलेगी खुदाई
आगरा मेट्रो के लिए छह साल तक खुदाई चलेगी. इसके कारण यहां के लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है. इनमें मजदूर वर्ग से लेकर टैक्निशियन तक शामिल हैं. इसके अलावा मेट्रो के काम से जुडे कई लोगों को भी रोजगार की संभावना बढ गई है. उनको लग रहा है कि आगरा मेट्रो के लिए काम करने के लिए लोग बाहर से भी आएंगे. दिन और रात काम भी चलेगा. ऐसे में उनके खाने पीने और रहने से भी यहां के लोगों को रोजगार मिल सकता है.
मजदूरी के लिए नहीं जाना पडेगा बाहर
लॉकडाउन के कारण हजारों ऐसे मजदूर लोग हैं जो कि अन्य राज्यों से पैदल चलकर यहां अपने घर वापस आए हैं. वह लोग भी मेट्रो का काम आगरा में होने से उत्साहित हैं. उनका कहना है कि अगर मेट्रो के लिए काम करने का अवसर मिल जाए तो बाहर जाने की जरूरत ही नहीं पडेगी.
छह साल में पूरा होगा काम
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के अनुसार आगरा में मेट्रो का काम पूरी तरह से छह साल तक चलेगा. हालांकि दिसंबर 2022 तक पहले चरण में छह स्टेशनों के बीच सात किमी मेट्रो ट्रेन चलाने की योजना है. इसके तहत सिकंदरा से ताजमहल पूर्वी गेट तक 15 किमी ट्रैक निर्माण होना है. पहले चरण में ताज के पूर्वी गेट से आगरा जामा मस्जिद तक सात किमी ट्रैक बनेगा. ऐसे में अभी से आगरा मेट्रो में जॉब की संभावना है. हालांकि यूपीएमआरसी ने वर्ष 2019 से अभी तक कोई वेकेंसी नहीं निकाली है.