आगरालीक्स…चार दिन पहले हुई थी नवविवाहित युवक की मौत…जांच में निकला कोरोना संक्रमित, अब नवविवाहिता सहित परिवार के नौ लोग भी पॉजिटिव.
फिरोजाबाद के गांव सावंती का मामला
फिरोजाबाद में एक परिवार पर कोरोना संक्रमण का जमकर कहर बरपा है. मंगलवार को यहां एक ही परिवार के नौ लोग कोरोना पॉजिटिव निकले हैं. दरअसल, नगला सावंती में रहने वाले इस परिवार के एक युवक की शादी बीती 25 नवंबर को ही हुई थी. लेकिन, शादी के दस दिन भी नहीं हुए थे कि चार दिसंबर को उसकी मौत हो गई. परिवार के लोग इससे सदमे में आ गए. उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही युवक को सर्दी, जुकाम की शिकायत हो गई थी. युवक की मौत के बाद जब उसकी जांच हुई तो वह कोरोना संक्रमित निकला. इसके बाद परिवार के सभी लोगों की जांच कराई गई, इनकी रिपोर्ट मंगलवार को आई. संक्रमित युवक की मौत के बाद परिवार के नौ लोग भी कोरोना पॉजिटिव निकले हैं. इनमें नवविवाहिता भी शामिल है. एक ही परिवार में इतने लोगों के संक्रमित निकलने पर हेल्थ डिपार्टमेंट में भी हडकंप मच गया है.