आगरालीक्स…आगरा में आरबीएस कॉलेज तक जल्द शुरू होगा मेट्रो का सफर. सिविल कार्य पूरा. फिनिशिंग के साथ ट्रैक भी बिछाए जा रहे. इन मेट्रो स्टेशनों का काम भी अंतिम चरण में
आगरा में मेट्रो का काम बहुत तेजी से चल रहा है. इस समय ताज पूर्वी गेट से बिजलीघर तक मेट्रो संचालित हो रही है लेकिन जल्द ही यह मेट्रो सेवा आरबीएस कॉलेज तक शुरू कर दी जाएगी. आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन से खंदारी रैंप तक सिविल संरचना का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और फिनिशिंग का काम तेज़ी से पूरा किया जा रहा है।

आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन आकार ले रहा है और जल्द ही परिचालन के लिए तैयार हो जाएगा। इसी प्रकार, खंदारी रैंप क्षेत्र में ट्रैक का काम भी तेज़ी से चल रहा है। आरबीएस कॉलेज मेट्रो स्टेशन कॉलेज जाने वालों और दिल्ली गेट, संजय प्लेस और खंदारी जैसे आस-पास के इलाकों में जाने वाले यात्रियों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
इसी प्रकार, एसएन मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन, आगरा कॉलेज मेट्रो स्टेशन और राजा की मंडी मेट्रो स्टेशन भी अंतिम चरण में पहुँच गए हैं और बहुत जल्द, आगरा मेट्रो रेल परियोजना के पहले कॉरिडोर के पूरे भूमिगत खंड पर परिचालन शुरू हो जाएगा।
