आगरालीक्स…आगरा में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़. बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग. पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल. पांच अरेस्ट
आगरा की थाना एकता पुलिस की चोरों से मुठभेड़ हो गई. क्षेत्र में सक्रिय ट्रांसफार्मर चोरी गैंग को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। घटना रमाडा कट के पास की है, जहां मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस सेल, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया. रोकने पर ऑटो में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में एक बदमाश धर्मवीर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा. पुलिस ने घायल बदमाश सहित उसके चार अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस को बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त ऑटो, तथा चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का एल्युमिनियम और कॉपर तार बरामद हुए हैं. एसीपी पीयूष कांत राय का कहना है कि यह गिरोह क्षेत्र में ट्रांसफार्मर की चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है, जिनका खुलासा अब गिरफ्तारियों के बाद संभव हो सकेगा.