आगरालीक्स…आगरा में अगले साल से शुरू हो सकता है मेट्रो का सफर. छह स्टेशनों तक का होगा ट्रायल. हर पांच मिनट में स्टेशन पर मिलेगी मेट्रो और हर दो मिनट में एक किलोमीटर का होगा सफर
आगरा में मेट्रो का काम काफी तेज गति से चल रहा है। प्रायरिटी कोरिडोर में तीन एलिवेटेड और तीन अंडरग्राउंड स्टेशनों का काम दिन और रात किया जा रहा है। तीनों एलिवेटेड स्टेशन ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड लगभग कम्पलीट होने आए हैं और यहां फिनिशिंग का कार्य जारी है तो वहीं अगले तीन अंडरग्राउंड स्टेशन ताजमहल, आगरा फोर्ट और जामा मस्जिद पर भी काम काफी तेज गति से चल रहा है. दिसंबर 2023 में इन छह स्टेशनों के बीच मेट्रो का संचालन शुरू हो जाएगा। आगरा में मेट्रो हर पांच मिनट में स्टेशन पर लोगों के लिए उपलब्ध होगी तो वहीं हर दो मिनट में मेट्रो एक किलेामीटर का सफर भी तय करेगी।
रेलवे से अलग होंगे आगरा मेट्रो के सिग्नल
आगरा मेट्रो के सिग्नल भारतीय रेलवे से भिन्न होंगे। भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेन यातायात प्रबंधन हेतु पारंपरिक सिग्नल प्रणाली का प्रयोग किया जाता है। इस प्रणाली में गाड़ी को चलने व मेन लाइन पर गति के साथ आगे बढ़ने के लिए हरा रंग, रुकने के लिए लाल व सावधानी के साथ धीरे चलने के पीले रंग का प्रयोग किया जाता है। वहीं, यूपी मेट्रो द्वारा आगरा मेट्रो ट्रेन के चलने के लिए हरा, रुकने के लिए लाल व सावधानी के साथ आगे बढ़ने के लिए बैगनी (वॉयलेट) रंग का प्रयोग किया जाएगा। लखनऊ एवं कानपुर मेट्रो में भी इन तीन रंग के सिग्नल का प्रयोग किया जाता है।
प्रथम कॉरिडोर में ट्रेन के संचालन हेतु डिपो परिसर में आधुनिक ऑपरेशन कमांड सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक एवं मशीनों से लैस ऑपरेशन कमांड सेंटर (ओसीसी) में सर्विलांस व इलेक्ट्रिानिक्स सिस्टम के जरिए हर एक मेट्रो ट्रेन पर नजर रखी जा सकेगी। श्री सुशील कुमार ने बताया कि कम्यूनिकेशन बेस्ड ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) प्रणाली के जरिए आगरा मेट्रो ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। कन्ट्रोल रूम में लगे मॉनिटर पर लाइन डायग्राम की मदद से ताज ईस्ट गेट व सिकंदरा के बीच ट्रेनों की स्थिति को न सिर्फ देखा जा सकेगा बल्कि ट्रेनों को यहां से संचालित भी किया जाएगा। ओसीसी से मेट्रो स्टेशन व ट्रैक पर लगे सिग्नल्स का संचालन होगा। इसके साथ ही स्टेशन परिसर एवं ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे कॉरिडोर पर नजर रखी जा सकेगी।
आगरा मेट्रो पर एक नजर
गौरतलब है कि ताजनगरी में 29.4 किमी लंबे दो कॉरिडोर का मेट्रो नेटवर्क बनना है, जिसमें 27 स्टेशन होंगे। ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा के बीच 14 किमी लंबे पहले कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. इस कॉरिडोर में 13 स्टेशनों का निर्माण होगा। जिसमें 6 एलीवेटिड जबकि 7 भूमिगत स्टेशन होंगे. इस कॉरिडोर के लिए पीएसी परिसर में डिपो का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही आगरा कैंट से कालिंदी विहार के बीच लगभग 16 कि.मी. लंबे दूसरे कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिसमें 14 ऐलीवेटेड स्टेशन होंगे। इस कॉरिडोर के लिए कालिंदी विहार क्षेत्र में डिपो का निर्माण किया जाएगा।