आगरालीक्स…आगरा में नगर निगम चुनाव से पहले पुलिस का कड़ा एक्शन. 17422 पाबंद तो 25 को जिला बदर. 29 गैंगस्टर में गिरफ्तार. सबसे अधिक इस थाना क्षेत्र में पाबंद हुए खुराफाती
आगरा में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही हैं. पुलिस प्रशासन द्वारा चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाएं अपनाई जा रही हैं तो वहीं शांतिपूर्ण मतदान के लिए असमाजिक तत्वों पर कड़ा एक्शन लिया जा रहा है. शहर से लेकर देहात तक के थाना क्षेत्रों में इन असमाजिक लोगों की सूची बनाकर उन पर कार्रवाई की जा रही है. पिछले 10 दिन के अंदर जिले में 17422 लोगों को पाबंद किया जा चुका है तो वहीं 25 को जिला बदर. इसके अलावा 29 को गैंगस्टर में अरेस्ट कर जेल भेज दिया गया है. वहीं शस्त्र लाइसेंस भी जमा कराए जा रहे हैं.

चुनाव के नोडल अधिकारी अपर पुलिस उपायुक्त प्रोटोकाल शिवराम यादव के अनुसार चुनाव में गड़बड़ी करने वालों की सूची बनाई जा रही है. इसके अलावा पार्टी बंदी और गुटबाजी करने वालों पर भी नजर है. हर थाना क्षेत्र को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए कहा गया है. शहर में पाबंद करने की कार्रवाई में थाना हरीपर्वत पहले स्थान पर है तो वहीं दूसरे पर न्यू आगरा और तीसरे पर थाना शाहगंज पुलिस है. देहात में खेरागढ़ थाना पहले और एत्मादपुर व फतेहपुर सीकरी दूसरे व तीसरे नंबर पर हैं.