आगरालीक्स…आगरा में मेयर, 100 पार्षद सहित निकाय चुनाव के प्रत्याशियों के भाग्य की लॉटरी खुलने में 48 घंटे शेष। सभी की धुकधुकी तेज। अपनी-अपनी जीत का गुणा-भाग पक्का पर भीतर से सता रहा डर।

मेयर पद के लिए 10 प्रत्याशी मैदान में
निकाय चुनाव की मतगणना 13 मई को होगी। नगर निगम से लेकर नगर पंचायत तक के मेयर, चेयरमैन पद के प्रत्याशी से लेकर पार्षद और सदस्य पद तक के प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के एक-एक वोट का गुणा-भाग लगा चुके हैं। लेकिन अंदर से एक डर भी बैठा हुआ है।
मेयर पद के आगरा नगर निगम के लिए इस बार कुल 10 मेयर प्रत्याशी हैं।
राजनीतिक दलों के पांच प्रत्याशी हैं मैदान में
पांच मेयर प्रत्याशी मुख्य राजनीतिक दलों से हैं। भाजपा की ओर से हेमलता दिवाकर हैं। सपा की ओर से जूही प्रकाश। कांग्रेस की ओर से लता कुमारी हैं तो वहीं बसपा की ओर से लता वाल्मीकि मेयर प्रत्याशी हैं। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी सुनीता दिवाकर चुनाव मैदान में हैं।
भाजपा-बसपा में सीधे मुकाबले के आसार
मेयर की सीट पर अब तक भाजपा और बसपा के बीच ही मुकाबला होता नजर आया है और इस बार भी अभी तक यही स्थिति है लेकिन मतदान के दौरान हाथी की रफ्तार तेज होने पर भाजपा ने अपनी जीत का पूरा गुणा-भाग किया है। इस कार्य में भाजपा ही नहीं संघ ने भी आकलन किया है।
तेजतर्रार-अनुभवी एजेंट रखे जाएंगे मतगणना में
भाजपा ने मतगणना में तेजतर्रार और अनुभवी कार्यकर्ताओं को लगाने का निर्णय लिया है, जिससे उनका एक भी मत किसी तरह गड़बड़ न हो सके। इस पर विशेष नजर रखी जाएगी।
इस बार हाथी और ज्यादा झूम रहा
बसपा को मेयर की सीट पर जीत का भरोसा है। बसपा के अपने परंपरागत वोटों के साथ ही मुस्लिम मतों के साथ वाल्मीकि वोटों का गुणा-भाग कर जीत का आंकलन किया है और पूरी तैयारी से मतगणना में मौजूद रहने की तैयारी है।
सपा-कांग्रेस-आप से बड़े उलटफेर की उम्मीद कम
समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी भी जीत का गणित लगा रहे हैं लेकिन किसी बड़े उलट-फेर की संभावना कर पाना उनके खेमे के लोगों के गले नहीं उतर रहा है।
सदन में बहुमत का कमल खिलने के परे आसार
पार्षद पद के प्रत्याशियों ने भी जीत के आंकडे तैयार किए हैं लेकिन सदन में बहुमत भाजपा के पक्ष में जाने से रोकने की किसी दल की स्थिति नजर नहीं आ रही है।
पालिका-पंचायतों में भी कमोबेश यही हालात
नगर पालिका और नगपंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के साथ सदस्य पद के प्रत्याशी भी कमोबेश इसी तरह का जोड-घटाव तैयार कर अपनी-अपनी सूची तैयार कर बैठे हैं। लेकिन सभी की किस्मत का दो डिजिट के घंटों में खुलने वाला है।