आगरालीक्स ….आगरा में एक हॉस्पिटल में मैनेजर के दोनों बेटे स्कूल बंक कर पबजी खेलने लगे। डांट लगाई तो दोनों बच्चों के साथ मां ने भी घर छोड़ दिया।
पबजी प्रतिबंधित कर दिया गया है लेकिन प्रॉक्सी को ब्रेक कर बच्चे पबजी गेम खेल रहे हैं। पबजी की ऐसी लत लग जाती है कि बच्चे इसी गेम को खेलने लगते हैं और कोई काम नहीं करते हैं। ऐसा ही एक मामला आगरा में आया है। आगरा के थाना एत्माउददौला क्षेत्र के मंडी समिति क्षेत्र का है । हॉस्पिटल में मैनेजर के दो बेटे हैं, एक बेटा कक्षा दसवीं और दूसरा नौवीं का छात्र है। हॉस्पिटल मैनेजर ने पुलिस को बताया कि स्कूल से शिकायत मिली थी के दोनों बेटे स्कूल नहीं जा रहे हैं। जबकि सुबह दोनों बेटे तैयार होकर स्कूल के लिए निकलते थे लेकिन स्कूल नहीं जा रहे थे।

पबजी खेलने में लग जाते थे दोनों बच्चे
हॉस्पिटल के मैनेजर ने बताया कि दोनों बच्चे पबजी खेलने लग जाते थे और स्कूल नहीं जा रहे थे। जब यह पता चला तो उनकी डांट लगा दी, बच्चों को बचाने के लिए आई तो पत्नी से भी विवाद हो गया।
मां के साथ दोनों बेटे घर से चले गए
16 अप्रैल को शाम छह बजे से हॉस्पिटल मैनेजर की पत्नी और दोनों बेटे घर से बिना बताए चले गए। रिश्तेदारी में पता किया तो पता नहीं चला। दो दिन बाद 18 अप्रैल को हॉस्पिटल मैनेजर ने गुमशुदगी दर्ज कराई। थाना प्रभारी सत्यदेव शर्मा का मीडिया से कहना है कि महिला अपने दोनों बेटों को लेकर मायके चली गई थी, उसे बुलाया गया है, पब्जी गेम खेलने पर पिता ने डांट लगा दी थी, इसलिए घर से चले गए थे।