आगरालीक्स…आगरा में दिवाली के लिए रिहायशी इलाकों में इकट्ठे किए जा रहे बम—पटाखे. अब एक मकान और दुकान में मिली 1300 किलो की आतिशबाजी
आगरा में दिवाली पर अवैध रूप से बिक्री के लिए भारी मात्रा में आतिशबाजी घरों, दुकानों में इकट्ठी की जा रही हैं. सिकंदरा और दयालबाग के बाद अब पुलिस ने नगला पदी में एक हार्डवेयर की दुकान और मकान में से 1300 किलो की आतिशबाजी जब्त की है. पुलिस ने पटाखों को सीज कर दिया है और कार्रवाई की जा रही है.
आगरा में 7 स्थानों पर लगेंगी 208 दुकानें
आगरा में पुलिस प्रशासन के निर्णय के बाद से सात स्थानों पर दीवाली के लिए 208 आतिशबाजी की दुकानें लगाई जाएंगी. ये सभी दुकानें खुले मैदानों में लगाई जाएंगी और इसके लिए प्रशासन द्वारा बाकायदा अस्थाई लाइसेंस भी दिया जाएगा और पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम भी किए जाएंगे.
रिहायशी इलाकों में आतिशबाजी
लेकिन प्रशासन के आदेशों को दरकिनार कर कई लोग अवैध रूप से दीवाली पर आतिशबाजी बेचने के लिए उनका भंडारण कर रहे हैं. ये लोग रिहायशी इलाकों में गोदाम बनाकर आतिशबाजी भर रहे हैं. शुक्रवार को जहां सिकंदरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर में लाइसेंस होने के बाद भी क्षमता से अधिक पटाखों का भंडारण मिलने पर कार्रवाई की गई थी तो वहीं शनिवार को दयालबाग के अमर विहार चौकी के पास आकाश और अंकुर नाम के युवकों के घर से 1200 किलो पटाखे बरामद किएगए थे. इनके पास लाइसेंस भी नहीं था. पुलिस ने इनके खिलाफ केस दर्ज किया है.
आज मिली 1300 किलो आतिशबाजी
रविवार को पुलिस ने नगला पदी में सिसोदिया हार्डवेयर की दुकान और मकान से 1200 किलो पटाखों को बरामद किया है. इसे अलावा नगला पदी विद्यानगर में रहने वाले हरेंद्र पाल के मकान से भी पुलिस ने 100 किलो पटाखें बरामद किए हैं. इनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.