आगरालीक्स…जो 2000 का नोट कई महीनों से गायब था वो अचानक फिर से दिखाई देने लगा है. कोई पत्नी से पूछ रहा तो कोई गुल्लक फोड़ रहा. बाजार में चलने भी लगा दो हजार का नोट
2000 के नोट को प्रचलन से बाहर करने का फैसला क्या आया लोग इसे अपने अपने तरीके से हैंडल कर रहे हैं. बाजारों से लेकर घरों तक में 2000 के नोट को लेकर चर्चाएं हो रही हैं. कुछ लोग इसे 2016 में हुई नोटबंदी को लेकर भी जोड़ रहे हैं तो कुछ लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट करके मजे ले रहे हैं.

पत्नी से पूछ रहे—हैं तो नहीं 2000 के नोट
2000 के नोटों का प्रचलन से बाहर होने से लोगों ने सबसे पहले अपने घर में फोन किया है. घर में भी सबसे पहले पत्नी को. वे पूछ रहे हैं कि 2000 का नोट तो नहीं है तुम्हारे पास. अगर हो तो दे दो. वहीं जिन महिलाओं के पास 2000 का नोट छुपा रखा था वह अब मजबूरी में उसे पति को देने के लिए तैयार हो रही हैं. नोटबंदी के समय भी ऐसा बहुत देखने को मिला था जिसमें महिलाओं के पास 1000 और 500 के नोट काफी संख्या में मिले थे जिन्हें वह सेविंग के तौर पर बचा कर रखी हुई थीं , इस बार भी ऐसा ही हुआ है. जिन महिलाओं ने 2000 के नोट को बचत के तौर पर पति से छुपाकर रखा था वो अब मजबूरी में उसे पति को देने के लिए तैयार हैं.
गुल्लकों में भी तलाशी
पैसे की बचत करने का एक तरीका गुल्लक भी है. घरों में गुल्लक होना आम बात है. लोग खासकर महिलाएं और बच्चे गुल्लक में अपनी सेविंग बचाकर रखते हैं. चूंकि अब 2000 के नोट को प्रचलन से बाहर कर दिया गया है, ऐसे में कई लोग गुल्लक को फोड़कर चेक भी कर रहे हैं कि कहीं 2000 का नोट तो नहीं पड़ा हआ है.
बाजारों में चलाने के लिए जा रहे
सबसे ज्यादा असर मार्केट में देखने को मिल रहा है. अभी तक जो दो हजार का नोट कई महीनों से मार्केट में नहीं दिख रहा था वह अब अचानक दिखाई देने लगा है. लोग 2000 का नोट लेकर ही मार्केट में खरीददारी करने के लिए जा रहे हैं. हालांकि कई दुकानदारों ने अब 2000 के नोट को लेने से इनकार कर रहे हैं.