आगरालीक्स…आगरा में बॉयफ्रेंड के साथ लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी रितिका. घर पर पति सहित पांच लोग आए. थोड़ी देर बाद चौथी मंजिल से नीचे गिरकर खून से लथपथ मिली रितिका…..पढ़िए पूरा मामला
आगरा में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात हुई. ताजगंज स्थित एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर एक महिला की मौत हो गई. महिला के हाथ बंधे हुए थे जिससे ये आशंका प्रबल है कि वह गिरी नहीं बल्कि उसे चौथी मंजिल से नीचे फेंका गया था. लोगों ने जब खून से लथपथ महिला को नीचे पड़ा देखा तो इस सनसनीखेज वारदात को देख हर कोई सन्न रह गया. सूचना पर पुलिस मौके पर आ गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और महिला के पति सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है.

लिवइन रिलेशनशिप में रह रही थी महिला
मामला थाना ताजगंज के ताजनगरी फेस 1 में ओम श्री अपार्टमेंट का है. यहां की चौथी मंजिल के फ्लैट नंबर 406 में 30 वर्षीय रितिका अपने बॉयफ्रेंड फिरोजाबाद के रहने वाले विपुल अग्रवाल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. घटना करीब 11 से 12 बजे के बीच है. लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने लिफ्ट में जाने के दौरान एक महिला को गिरते देखा. इसके बाद वे लोग नीचे पहुंचे तो वहां रितिका खून से लथपथ पड़ी थी. उसके हाथ बंधे हुए थे. लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी. लोगों ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में ले लिया. जिन लोगों को हिरासत में लिया है उनमें रितिका का पति आकाश गौतम भी शामिल है. मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन संभावना जताई जा रही है कि महिला को चौथी मंजिल से फेंककर हत्या की गई है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पति से चल रहा है विवाद
महिला का अपने पति आकश गौतम से विवाद चल रहा है और वो अपार्टमेंट के कमरा नंबर 406 में फिरोजाबाद के रहने वाले विपुल अग्रवाल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. बताया जाता है कि आज अपार्टमेंट में रितिका का पति आकाश गौतम सहित पांच लोग यहां आए थे. पुलिस ने आकाश गौतम सहित तीन लोगों को हिरासत में लिया है और इनसे पूछताछ की जा रही है.