आगरालीक्स…आगरा में आज फिर 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा तापमान. लेकिन जल्द गर्मी से मिलेगी राहत. इस दिन से बन रहे मानसूनी बारिश के आसार….
आगरा में गर्मी के तेवर एक बार फिर से सख्त हो गए हैं. शुक्रवार को आगरा का तापमान एक बार फिर से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली, दोपहर में धूप का तेज इतना अधिक था कि एक पल भी धूप में ठहरना मुश्किल हो रहा था. ऐसे में दिन के समय लोगों ने घर से बाहर न निकलना ही मुनासिब समझा. मजबूरी या जरूरी काम से जाने वाले लोग ही दोपहर को सड़कों पर दिखाई दे रहे थे. धूप के साथ उमसभरी गर्मी से लोग परेशान दिखे. ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोग दिखाई दिए.

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है. रात को ठंडी हवाएं चलने से तापमान में कमी हुई है. इधर मौसम विभाग का कहना है कि आगरा के लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 27 जून से शहर के आसमान में बादलों का डेरा लगने की संभावना जताई है. यही नहीं 29 जून से मानसूनी बारिश भी हो सकती है.