आगरालीक्स…आगरा में कारीगरों के हुनर से बने उत्पादों ने ग्लोबल मार्केट में बनाई पहचान. कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चर्स ऑफ इंडिया के 53वें अधिवेशन में मंत्री नंदगोपाल नंदी ने कहा—ईज ऑफ डुइंग बिजनेस, सिंगल विंडो सिस्टम और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर ने यूपी में उद्यमिता को दी नई दिशा
ताज नगरी आगरा में शनिवार को कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चर्स ऑफ इंडिया के 53वें राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। अधिवेशन का उद्घाटन करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश और भारत के बदलते औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत होती सप्लाई चेन और बढ़ती निर्यात क्षमता का प्रतीक है। मंत्री नन्दी ने कहा कि किसी भी उत्पाद की पैकेजिंग और सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन में कोरोगेटेड बॉक्स का बहुमूल्य उपयोग है। एक प्रकार से यह उत्पादों की सुरक्षित डिलेवरी के लिए अनिवार्य है। यही कारण है कि इस इंडस्ट्री का महत्त्व और अधिक बढ़ जाता है!
डबल इंजन की हमारी सरकार ने कोरोगेटेड बॉक्स इण्डस्ट्री को प्रोत्साहित करने का निरन्तर प्रयास किया है। इस सेक्टर में स्किल डेवलेपमेंट के साथ ही इनोवेशन को बढ़ावा दिया है। हमारे लिये कमिटमेन्ट भी महत्वपूर्ण है और कम्प्लायंस भी। प्रत्येक इन्वेस्टमेंट इन्टेंट के धरातल पर साकार होने तक फॉलोअप करना हमारी कार्यशैली का हिस्सा है! इसी का परिणाम है कि आज हमें भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में एक नई पहचान मिली है! मंत्री नन्दी ने कहा कि लम्बे समय से आगरा कला और शिल्प का प्रमुख केन्द्र रहा है। पर्यटन के साथ-साथ उद्योग भी इस ऐतिहासिक शहर की मूल पहचान से जुड़ा हुआ है। यहां के कारीगरों के हुनर से बने अलग-अलग उत्पादों ने ग्लोबल मार्केट में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करायी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में ईज ऑफ डुइंग बिजनेस, सिंगल विंडो सिस्टम और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर ने उद्यमिता को नई दिशा दी है, जिससे उद्योगों को तेजी से आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। उत्तर प्रदेश के परम्परागत उद्योगों को वैश्विक पहचान मिली है। स्थानीय शिल्प और कला को उचित सम्मान और प्रोत्साहन मिला है। विश्वस्तरीय बुनियादी ढाँचा, एक्सप्रेस-वेज, हाइवेज, एयरपोर्टस, वाटरवेज की श्रृंखला ने निर्यात और निवेश दोनों को गतिशील बनाया है! सम्पूर्ण निवेश प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हुई है। कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरिंग में भी इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है।
पिछले 8 वर्षों के दौरान सहयोग और संवाद के माध्यम से समाधान हमारा वर्क कल्चर रहा है! शोध, नवाचार, तकनीकि और स्किल को वर्ल्ड क्लास बनाने की दिशा में हम निरंतर आगे बढ़ रहे हैं! इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सरकार के साथ ही उद्यमिता से जुडी संस्थाओं और संगठनों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है! इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ कोरोगेटेड बॉक्स के प्रेसीडेंट टी.एन. राघवन, वाइस-प्रेसीडेंट राजेन्द्र भाटी एवं अंकित अग्रवाल, कॉन्फ्रेंस चेयरमैन सुशील सूद, उ.प्र. कोरोगेटेड बॉक्स मैन्युफैक्चरर्स कमेटी के प्रेसीडेंट एस.के. चौहान तथा एग्जिबिशन कमेटी के चेयरमैन राम जीवन सिंह समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।