आगरालीक्स....आगरा के ईशान कॉलेज में चला सफाई अभियान. स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज और स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
ईशान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में स्वच्छता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की । छात्रों ने स्वच्छ परिसर, स्वच्छ समाज और स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कॉलेज की ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने छात्रों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।