आगरालीक्स…आगरा में सेलरी मांगने पर फाइनेंस कर्मी के कपड़े उतरवाकर पीटा. शौचालय में किया बंद. दो अरेस्ट
आगरा के थाना एकता क्षेत्र में एक फाइनेंस कर्मी को वेतन मांगने पर बेरहमी से निर्वस्त्र कर पीटा गया है. यही नहीं उसे शौचालय में बदं कर दिया गया. शिकायत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट किया है. एक आरोपी अभी फरार है.
पीड़ित युवक फिरोजाबाद के टापा खुर्द का रहने वाला वैभव चौहान है. इसके पिता अशोक कुमार चौहान ने थाना एकता में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनका बेटा वैभव बरौली अहीर शमसाबाद रोड स्थित एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था. 30 दिसंबर को वैभव सेलरी लेने के लिए कंपनी के कार्यालय गया था. आरोप है कि मैनेजर विपिन भदौरिया और कर्मचारी सौरभ चौहान व रामनरेश ने वेतन देने से मना कर दिया और उसे बिल्डिंग में बने शौचालय में बंद कर दिया और लाठी डंडों से उसके कपड़े उतारकर बुरी तरह पीटा.
वैभव गंभीर हालत में रात 10 बजे घर पहुंचा और परिजनों को इसकी पूरी जानकारी दी. एसीपी ताज सुरक्षा पीयूष कांत राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी मैनेजर विपिन भदौरिया और सौरभ चौहान को अरेस्ट कर लिया गया है. भागे गए रामनरेश की तलाश की जा रही है.