आगरालीक्स…आगरा में 501 दीपों से हुई मां दुर्गा की महाआरती, नवरात्रि महोत्सव में खूब लगे जयकारे
हाथों में दीप जलाए खड़े श्रद्धालु और सामने 15 फुट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा। भक्त और भगवान के बीच कुछ था तो सिर्फ श्रद्धा और भक्ति। सैकड़ों भक्तों के हाथों में जगमगाते दीप मानों मां दुर्गा के आर्शीवाद की रोशनी बिखेर रहे थे। मां भगवती सेवा मण्डल द्वारा आज तोता का ताल स्थित सजे मां दुर्गा के पण्डाल में महाआरती का योजन किया गया। जिसमें 501 दीपों से मातारानी की भव्य आरती की गई। मंगलवार (अष्टमी) को दोपहर 12 बजे से कन्या पूजन का आयोजन किया जाएगा।
सप्तमी के दिन आज पण्डाल जगमग रोशनी के साथ 501 दीपों से जगमगा रहा था। मंगला आरती के साथ दिन भर पम्डाल में भजनों की गूंज रही। आज की संध्या आरती कुछ खास थी। हर तरफ नवदुर्गा महोत्सव की उमंग बिखरी थी। हर भक्त के हाथ में मां की आरती के लिए दीप जगमगा रहा था। वृंदावन से आए भूदेव कृष्ण शास्त्री व लखनऊ से आए आचार्य लघु मिश्रा द्वारा विधि विधान के साथ प्रतिजिन चार आरती सम्पन्न करायी जा रही हैं। 30 सितम्बर को कन्या पूजन व एक अक्टूबर को पण्डाल में आकर्षक झांकियां सजायी जाएंगी। दो अक्टूबर को भण्डारा व 3 अक्टूबर को सुंदरकाण्ड पाठ के साथ 12 दिवसीय उत्सव का समापन होगा। 4 अक्टूबर को विसर्जन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से मुकेश, आकाश, मनीष, दिनेश कुशवाह, विष्णु, पार्षद विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, पिंकी, रिया, सुमन, रूबी आदि उपस्थित थीं।