आगरालीक्स…आगरा में लगाई गई शिव-पार्वती के नाम की मेहंदी…बल्केश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य शिव बारात, होंगी चार पहर की महाआरतियां
शहर के प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर परिसर में उल्लासमय माहौल था। ढोलक की थाप पर बधाई गाई जा रही थीं । मेहंदी के गीत गूंज रहे थे और महिलाएं एक दूसरे को बधाइयां दे रही थीं। यहां शुक्रवार को शिवरात्रि महोत्सव के तहत मेहंदी का आयोजन किया गया था। श्री बल्केश्वर नाथ महादेव भक्त मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम महिलाए निर्धारित समय से पहले ही आ गई थी। उन्होंने भक्ति गीत गाए, शिव जी चले कैलास, बुंदियां पड़ने लगीं…शिव जी ब्याहने चले पालकी सजा के….भोला भांग तुम्हारी, मैं घोंटत-घोंटत हारी। इस दौरान पार्वतीपते, हर-हर महादेव के जयघोष भी लगते रहे। इस दौरान सभी के सौभाग्य की कामना की गई।

इस कार्यक्रम में ये महिलाएं शामिल रहीं आरुषि पाण्डेया, सुगंधा नागर वैभवी पाण्डेया, ममता सिंघल, अर्चना गर्ग, सरिता अग्रवाल, कुसुम अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, अमीषा अग्रवाल, आदीपिका गुप्ता, अंशु अग्रवाल, चंचल, पूजा अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, अल्पना, रेनु, गुंजन, कंचन, अनु अग्रवाल, भोलेनाथ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
महंत सुनीलकांत नागर व महंत कपिल नागर ने बताया कि शनिवार को को शाम पांच बजे एफ-184, साईं धाम मंदिर के सामने, कमला नगर से शिव बरात निकाली जाएगी। जिसमें सात झांकियां होंगी। सबसे आगे गणपति की झांकी होगी। उसके बाद मां दुर्गा, श्रीराम दरबार, पंचमुखी हनुमानजी आदि झांकियां बैंड बाजे व ढोल नगाड़ों के साथ होंगी। आखिरी में भगवान बल्केश्वरनाथ की झांकी होगी, जिसे आकर्षक फूलों आदि से सजाया जाएगा। बरात का स्थान-स्थान आरती उतार कर स्वागत किया जाएगा। शिव बरात साई बाबा मंदिर, चांदनी चौक, सब्जी मंडी, शक्ति सुशील मंदिर चौराहा होती हुई बल्केश्वर महादेव मंदिर पर पहुंचेगी। उसके बाद मंदिर पर भोलेनाथ का भव्य श्रंगार करके फूल बंगला सजाएगा। रात्रि जागरण होगा। इस दौरान चार महाआरतियां रात नौ बजे, 12 बजे, तीन बजे और सुबह छह बजे की जाएंगी।