आगरालीक्स…आगरा के सूरसदन में कल 19 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला. चयनित अभ्यर्थियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र. प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअली संबोधित
प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा डॉ. संजय कुमार लाल ने अवगत कराया है कि भारत सरकार के प्रधानमंत्री कार्यालय / भारत सरकार के तत्वावधान में रोजगार मेला (20वां चरण) का आयोजन शनिवार 19 सितंबर को सुबह 11 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में किया जाना निर्धारित है। उक्त कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा के कार्यालय को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सरकार की फ्लैगशिप पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा सरकार की रोजगार सृजन के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता एवं ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को उजागर करना है। कार्यक्रम में मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति, चयनित अभ्यर्थी तथा उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहेंगे एवं चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। डॉ. लाल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया जाएगा, जिसका सूरसदन ऑडिटोरियम में सीधा प्रसारण किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण सरकारी पहल है।