आगरालीक्स…आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 27 साल की युवती के पेट से निकली 139 x 40 x 121 मिमी आकार की गांठ… प्रो. अनु पाठक की टीम ने किया सफल आपरेशन
एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में 27 वर्षीय अविवाहित महिला को अनियमित और अत्यधिक मासिक रक्तस्राव तथा पेट दर्द की शिकायत के साथ भर्ती किया गया। जाँच और परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने पाया कि मरीज के गर्भाशय की पिछली दीवार पर एक बड़ी इंट्राम्यूरल मायोमा (गांठ) मौजूद थी, जिसका आकार 139 x 40 x 121 मिमी था। यह मायोमा महिला की दाहिनी ओर की मूत्रनली पर दबाव डाल रही थी, जिससे हाइड्रोनेफ्रोसिस (गुर्दे में सूजन) हो रहा था।यह जटिल मामला एस.एन. मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विभाग की प्रो. अनु पाठक की यूनिट में देखा गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, मरीज और उसके परिजनों को पूरी जानकारी दी गई और लिखित सहमति लेने के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया।ऑपरेटिंग टीम में डॉ अनु पाठक ,डॉ आकांक्षा ,डॉ आकृति ,डॉ आस्था और डॉ श्वेता थे और एनेस्थीसिया टीम में डॉ योगिता , डॉ रजनी और डॉ आशीष थे ।ऑपरेशन के दौरान गर्भाशय से 1.26 किलोग्राम वज़न की बड़ी मायोमा को सफलतापूर्वक निकाला गया। विभागाध्यक्ष डॉ शिखा सिंह का भरपूर सहयोग रहा। सर्जरी के बाद यह सुनिश्चित किया गया कि गर्भाशय की गुहा सुरक्षित और अप्रभावित है।
मरीज की सर्जरी सफल रही और ऑपरेशन के बाद की अवधि में उसकी स्थिति सामान्य रही। चार दिन के इलाज और निगरानी के बाद मरीज को संतोषजनक स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने कहा की मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर्स द्वारा जटिल से जटिल सर्जरी हो रहीं हैं,जिससे मरोजों को अत्यंत लाभ मिल रहा है ।