आगरालीक्स…आगरा को लेकर बोलीं अभिनेत्री अदिति गोवित्रिकर. आपके पास ताजमहल है पर आपका शहर अभी गंदा है, यहां साफ सफाई की जरूरत
आगरा में एक कार्यक्रम में शामिल होने आईं अभिनेत्री और मिसेज वल्र्ड 2021 की विनर अदिति गोवित्रिकर का कहना है कि आपके पास ताजमहल जैसी खूबसूरत इमारत है, लेकिन यहां स्वच्छता की अभी काफी जरूरत है. यहां साफ सफाई की व्यवस्था में आप सुधार कर सकते हैं. धूल धक्कड़ और कचरा थोड़ा ज्यादा है. उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार आगरा आईं थी और ताजमहल देखा तो वह उसे देखती ही रह गई. उस समय ताजमहल भी खूबसूरत था और आगरा भी लेकिन अब उस खूबसूरती को संजोए रखने की जरूरत है. इसीलिए स्वच्छता पर अभी और ज्यादा काम करना होगा.

बॉलीवुड अभिनेत्री अदिति गोवित्रिकर आगरा में मन की उड़ान फाउंडेशन की ओर से होटल रमाडा में आयोजित फ्यूचरिस्टिक इंडिया समिट 2022 और गोल्डर अचीवर अवार्ड सेरेमनी में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने आई थीं. इस दौरान वह पत्रकारों से भी रूबरू हुईं. उन्होंने आगरा के अलावा कांस फिल्म महोत्सव, महिला शक्ति को लेकर भी अपने विचार रखे.