आगरालीक्स…आगरा आ रही रोडवेज बस का एक्सीडेंट. स्टेयरिंग फेल होने पर पेड़ से टकराई. 10 से अधिक सवारियां घायल
हल्द्वानी से आगरा आ रही हाथरस डिपो की एक बस का अलीगढ में एक्सीडेंट हो गया. स्टेयरिंग फेल होने पर बस एक पेड़ से जा टकराई. हादसे में 10 यात्री घायल हुए हैं इनमें आगरा के भी रहने वाले भी बताए गए हैं. पुलिस ने घायलों को आगरा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने घायलों के परिजनों को भी जानकारी दी है.

पुलिस के अनुसार बुधवार रात को हाथरस डिपो की एक बस 35 सवारियों को लेकर हल्द्वानी से आगरा के लिए निकली थी. बस में चालक संजय व परिचालक मनीष पंडित थे. आज दोपहर करीब दो बजे बस अलीगढ़ के दाउद खां स्थित नये रेलवे पुल से उतरी तभी बस की स्टेयरिंग फेल हो गई और वह बुरी तरह से पीपल के पेड़ से जा टकराई. एक्सीडेंट के बाद बस में बैठी सवारियों के बीच चीख पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर बस में से सवारियों को बाहर निकाला और सीट पर फंसे चालक को जैसे-तैसे निकाला.
सूचना पर अलीगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायलों को आगरा रोड स्थित शेखर सर्राफ मेमोरियल हॉस्पिटल व कल्याणी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां से बस चालक कीर गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में रेफर किया है. हादसे में चालक परिचालक के अलावा कई यात्री घायल हुए हैं जिनमें कुछ यात्री आगरा के रहने वाले भी बताए गए हैं.