आगरालीक्स…आगरा में किसानों ने यमुना एक्सप्रेस वे और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर किया प्रदर्शन. टोल प्लाजा की तीन लाइनें की बंद. इनर रिंग रोड की एक साइड की ब्लॉक. कल पूरे यूपी में आंदोलन का ऐलान
आगरा में चार स्थानों पर भारतीय किसान यूनियन प्रदर्शन कर रही है. गुरुवार को को किसानों ने खंदौली टोल प्लाजा पर नोएडा की ओर जाने वाली तीन लेन को रोक दिया. इनर रिंग रोड पर भी किसान धरने पर बैठ गए और किरावली के महुअर टोल पर भी प्रदर्शन किया. इसके अलावा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर भी किसानों ने प्रदर्शन किया है. आज किसानों ने ऐलान भी कर दिया है कि अगर उनकी बात पर सुनवाई नहीं होती तो कल पूरे यूपी में प्रदर्शन किया जाएगा.

इनर रिंग रोड पर रास्ता किया ब्लॉक
गुरुवार को किसानों ने रमाडा से दिल्ली की तरफ जाने वाले इनर रिंग रोड पर प्रदर्शन किया. किसानेां के प्रदर्शन के चलते एक तरफ का पूरा रास्ता ब्लॉक हो गया. इससे दिल्ली और लखनऊ की ओर जाने वाली गाड़ियों को दूसरी साइड से निकाला गया. किसानों का आरोप है कि अधिकारी बात करने के लिए नहीं आए तो दूसरी सड़क भी जाम कर दी जाएगी.
ये हैं मांगे
भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि किसानों को बहुत बड़ी समस्याएं नहीं हैं लेकिन अधिकारियों द्वारा उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. हम पिछले छह महीने से कमिश्नर से मिलने का समय मांग रहे हैं लेकिन हमें वो समय नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे में मजबूरन हमें धरने पर बैठना पड़ा है. किसानों का कहना है कि लेखपाल रिश्वत ले रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद भी उनके खिलाफ एक्शन नहीं लिया जा रहा है. तहसीलों में बड़ी संख्या में किसानों के दाखिला खारिज लंबित है. आलू किसानों का टोल भाड़ा तय नहीं हो पाया है. कोई 150 मांगता है तो कोई 100 रुपये. कई किसानों की सम्मान निधि, वृद्धा पेंशन का फायदा भी नहीं मिल रहा है.
किसानेां ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्याओं पर प्रशान ने गौर नहीं किया और समाधान नहीं किया तो कल से पूरी यूपी में आंदोलन किया जाएगा.