आगरालीक्स…आगरा में बिजली कटौती को लेकर अपर मुख्य सचिव ने दिए सख्त आदेश. फॉल्ट को समय पर सही कराने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित ये आदेश दिए
अपर मुख्य सचिव, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्त्रोत महेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में दक्षिणांचल सभागार में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि0 की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक मंे विद्युत आपूर्ति के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी एवं आपूर्ति सुधार हेतु निर्देशित किया गया कि शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के आधार पर विद्युत आपूर्ति की जाये एवं फॉल्ट को नियत समय पर तत्परता से अटेन्ड किया जाये व उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाये तथा अधिकारी कर्मचारियों द्वारा उपभोगताओं से मृदु भाषा में बात किया जाये, अधिकारियों को सभी उपभोगताओं का काल अटेंड कर उनकी समस्याओं का निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया।
विद्युत चोरी को रोकने के लिये मुख्य अभियन्ता स्तर तक अधिकारियों द्वारा अभियान चलाकर विद्युत चोरी को रोकने हेतु अथक प्रयास किये जाये और नये संयोजन निर्गत किये जाये। विद्युत दुर्घटनाओं की क्षतिपूर्ति के सम्बन्ध में अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) महोदय द्वारा कड़ाई से निर्देशित किया गया कि पीड़ित परिवार को क्षतिपूर्ति का भुगतान निर्धारित समय में किया जाना सुनिश्चित किया जाये, जिससे पीड़ित परिवार को कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। साथ ही साथ उनके द्वारा 1912 टोल फ्री नम्बर, नये संयोजन निर्गत करने की प्रगति, विद्युत दुर्घटनाओं की क्षतिपूर्ति एवं सरकार की महत्वकांक्षी योजनाएं (रिवैम्प, ए0डी0बी0, सोलर रूफटॉप) आदि की भी समीक्षा की गयी। उनके द्वारा सभी अधिकारियों को अपने कार्य स्थल पर निवास करने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में सभी विद्युत सम्बन्धित मामलों को 15 जुलाई तक निस्तारण करने के निर्देश दिये, इसके साथ ही एत्मादपुर में एलएमवी-10 का विद्युत कनेक्शन न होने पर नारजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि विद्युत सम्बन्धी समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को तैनाती मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी से कहा कि उप जिलाधिकारी से जांच कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर मुख्य सचिव ने जसराना एक्सीयन व स्टाफ का वेतन रोकने के साथ ही वसूली का कार्य पूर्ण होने के उपरांत ही वेतन निर्गत करने के निर्देश दिए। सम्बन्धित अधिकारियों को फीडरों को ठीक कराने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव ने प्रीपेड कनेक्शन की समीक्षा की। बैठक में सप्लाई कोड के सम्बन्ध में समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि स्टेक होल्डर से फीडबैक लेकर कमेटी स्थापित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, प्रबन्ध निदेशक, अमित किशोर एवं विभागीय अधिकारियों सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।