आगरालीक्स…आगरा में प्रशासन की अनुमति के बाद ही लगाए जाएंगे गणपति प्रतिमा स्थापना के पंडाल. डीजे की आवाज और रात में लाडडस्पीकर को लेकर प्रशासन की गाइडलाइंस जारी…
आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने के दृष्टिगत थाना सिकंदरा परिसर में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव ने की। बैठक में एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी एवं थाना प्रभारी सिकंदरा श्री राजीव त्यागी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के गणेशोत्सव आयोजकों, मंदिर समितियों, पार्षदों, ग्राम प्रधानों एवं संभ्रांत नागरिकों ने प्रतिभाग किया। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि –
गणेश प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित स्थल पर ही अनुमति लेकर पंडाल लगाएं।
डीजे की ध्वनि मानक के अनुरूप रखें एवं रात्रि में निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें।
विसर्जन जुलूस के रूट की पूर्व जानकारी पुलिस को दें, जिससे यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रखी जा सके।
अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
एसडीएम सदर ने कहा कि त्यौहार पर साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था के लिए सभी विभागों को निर्देशित किया गया है। एसीपी हरीपर्वत ने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और सभी को सुरक्षा प्रदान की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने त्यौहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया।