आगरालीक्स….आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को दिए बिजनेस के टिप्स. सफल उद्यमियों एवं प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थानों पर आधारित केस स्टडी पेश कीं…
माही इंटरनेशनल स्कूल में रोजगार भारती के सहयोग से कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता विषय पर कार्यशाला एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोजगार भारती, आगरा के महासचिव सीए प्रमोद सिंह चौहान रहे। विद्यालय के चेयरमैन सीए संजय अग्रवाल, प्रधानाचार्या श्रीमती मनिन्द्रा सिंह एवं विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की पांच टीमों ने सफल उद्यमियों एवं प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थानों पर आधारित केस स्टडी प्रस्तुत कीं। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन विषयवस्तु, तथ्यात्मक आंकड़ों, शोध, प्रस्तुतीकरण शैली, संवाद कौशल तथा विषय की व्याख्या के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
प्रथम स्थान—टीम 12-SA: समर्थ एवं पलक | विषय: एमडीएच | पुरस्कार: ₹2,000 एवं प्रमाण-पत्र
प्रथम स्थान—टीम 10-A: अर्णव सिंह चाहर, अनंत सिंह एवं आशिमा राठौर | विषय: एडिडास एवं प्यूमा | पुरस्कार: ₹2,000 एवं प्रमाण-पत्र
द्वितीय स्थान—टीम 12-HA: यशिका सिंह | विषय: रामेश्वरम कैफे | पुरस्कार: ₹1,000 एवं प्रमाण-पत्र
सांत्वना पुरस्कार—टीम 12-CA: रानी तोमर, तरुण, नैतिक किट्टा एवं मधुर मित्तल | विषय: कामिनी ट्यूब्स | पुरस्कार: ₹500 एवं प्रमाण-पत्र
सांत्वना पुरस्कार—टीम 11-SA: अपिन चौधरी, करण तिवारी एवं माहिरा लवानिया | विषय: वॉल्ट डिज्नी | पुरस्कार: ₹500 एवं प्रमाण-पत्र
मुख्य अतिथि एवं विद्यालय के चेयरमैन ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। कार्यशाला में सीए प्रमोद सिंह चौहान ने विज्ञान, वाणिज्य एवं मानविकी संकाय के विद्यार्थियों को ‘स्व-रोजगार’ और उद्यमिता के अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सफल व्यवसाय की शुरुआत एक उपयोगी विचार, स्पष्ट दृष्टिकोण और व्यावहारिक कार्ययोजना से होती है। इसके लिए बाजार की आवश्यकता को समझना, वित्तीय योजना तैयार करना, उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करना, जोखिम का आकलन करना तथा निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ना आवश्यक है। चेयरमैन सीए संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को समाज की समस्याओं को ध्यानपूर्वक समझने और उनके अभिनव समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी वास्तविक समस्या का प्रभावी समाधान एक सफल व्यवसाय अथवा सेवा का आधार बन सकता है। बदलती दुनिया और तकनीकी प्रगति को देखते हुए युवाओं को नवाचार, डिजिटल कौशल, सही रणनीति और सकारात्मक सोच के साथ स्टार्टअप एवं स्व-रोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर चेयरमैन सीए संजय अग्रवाल ने मुख्य अतिथि सीए प्रमोद सिंह चौहान को सम्मान एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप ‘माही मोमेंटो’ भेंट किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसी अनुभवात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर शोध, टीमवर्क, संवाद, समस्या-समाधान और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण कौशल विकसित करने का अवसर देती हैं। माही इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों को रोजगार खोजने के साथ नए अवसर उत्पन्न करने के योग्य बनाने के उद्देश्य से उन्हें विशेषज्ञों से सीधे संवाद एवं व्यावहारिक शिक्षा के मंच निरंतर उपलब्ध करा रहा है।