आगरालीक्स …Agra News: अच्छी खबर, आगरा में 21 दिन बाद सदर तहसील में बैनामा होंगे, डीएम से वार्ता के बाद हड़ताल खत्म। 100 करोड़ का नुकसान। ( Agra News: Advocate Strike end, Registry& Deeds start in Sadar Tehseel Agra#Agra )
आगरा में तहसील में फ्रंट ऑफिस एव निबन्धन मित्र खोलने के विरोध में 21 दिन से अधिवक्ता हड़ताल पर थे। गुरुवार को डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी के समक्ष व अपर जिलाधिकारी वित्त व राजस्व शुभांगी शुक्ला,सहायक महानिरीक्षक निबन्धन एस० के० सिंह की उपस्थिति में अधिवक्ता बार एसोसिऐशन एवं दस्तावेज लेखक संघ द्वारा ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। शुक्रवार से आम दिनों की भांति तहसील में योजित वादों की सुनवाई और निस्तारण के साथ साथ तहसील से सम्बंधित अन्य कार्य भी सुचारू रूप से संचालित किए जाएंगे। निबंधन कार्यालय में रजिस्ट्रीकरण, बैनामा आदि का कार्य आम दिनों की भांति संचालित किए जा
फ्रंट आफिस मात्र चर्चा तक सीमित
अधिवक्ता बार एसोसिऐशन एवं दस्तावेज लेखक संघ, जनपद आगरा द्वारा की जा रही हड़ताल के सम्बन्ध में फैली भ्रान्तियों को दूर करने के उद्देश्य से सहायक महानिरीक्षक निबन्धन एस के सिंह ने बताया कि फ्रंट ऑफिस एव निबन्धन मित्र वर्तमान में मात्र चर्चा के स्तर पर हैं, तथा इसके द्वारा रजिस्ट्रीकरण के कार्य का कोई निजीकरण प्रस्तावित नही है। रजिस्ट्री कार्यालय का कार्य पूर्व की भाँति केवल शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों के द्वारा ही सम्पादित किया जायेगा। फ्रंट ऑफिस का उद्देश्य वर्तमान अवस्थित रजिस्ट्री कार्यालयों में अवस्थापना संरचनाओं जैसे सिविल इन्फ्रास्ट्रक्चर, पेयजल, शौचालयों, वातानुकूलन आदि का सुधार करना मात्र है। ताकि रजिस्ट्री कार्यालय में आने वाले लोगों को अच्छी नागरिक सुविधायें प्राप्त हो सकें। इसका निबन्धन प्रकिया में कोई हस्तक्षेप नहीं है। निबन्धन मित्र व्यवस्था में वर्तमान प्रचलित दस्तावेज लेखक नियमावली में सुधार कर दस्तावेज लेखकों के अधिकारों में वृद्धि होगी। इसके द्वारा दस्तावेज लेखकों तथा अधिवक्ताओं के किसी भी वर्तमान अधिकार का क्षरण नही होगा। इस सुधार में अंतिम निर्णय सभी संबंधित संघों से वार्ता करने के उपरान्त ही किया जायेगा। उन्होंने दस्तावेज लेखकों तथा अधिवक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वर्तमान अधिकारों का कोई हनन नहीं होगा।