आगरालीक्स…ईद के बाद किया जाएगा…..आगरा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर हमला व तोड़फोड़ के बाद सपा नेता रामगोपाल यादव का बड़ा बयान…कहा—यह पूरे दलित समाज पर हमला
मेवाड़ के राजा राणा सांगा के खिलाफ दिए गया बयान के बाद आगरा में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर करणी सेना ने जमकर उपद्रव मचाया और सांसद के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को तोड़ डाला. इस हमले के बाद समाजवादी पार्टी में भी आक्रोश है. गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव सपा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर पहुंचे और यहां उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला.
ईद के बाद प्रदेशभर में होगा आंदोलन
सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि अगर हमला करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती तो ईद के बाद प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि हिंसा का जवाब सामंतवादी ताकतों के खिलाफ बड़े आंदोलन से दिया जाएगा. यह हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ये हमला पूरे दलित समाज पर हमला है, पूरे पीडीए पर हमला है. इसको लेकर चुप नहीं बैठा जाएगा.
सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि यह एक साजिश के तहत हमला किया गया है. करणी सेना द्वारा दो दिन पहले ही इस तरह के प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी, इसके बाद भी पुलिस व प्रशासिनक अधिकारियों ने कुछ नहीं किया. सीएम योगी आदित्यनाथ भी आगरा में ही थे, उनकी मौजूदगी में यह हिंसक वारदात हुई है. अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर किया जाएगा.