आगरालीक्स…आगरा कॉलेज मैदान की जमीन पर राजा की मंडी की दुकानों को शिफ्ट कराने की सुगबुगाहट पर आपात बैठक. स्टाफ क्लब आगरा कॉलेज ने कहा—एक इंच भूमि के हस्तांतरण या कब्जे के कुत्सिक प्रयासों का दिया जाएगा जवाब
आगरा के पुराने बाजार राजा की मंडी की दुकानों पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद संकट के बादल छाए हुए हैं. एक सुगबुगाहट ऐसी भी आई है कि दुकानों को आगरा कॉलेज ग्राउंड में शिफ्ट किया जाए, इसकी सूचना मिलते ही स्टाफ क्लब आगरा कॉलेज ने आपात बैठक बुलाई और कब्जे के किसी भी कुत्सित प्रयास का मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही गई है.आगरा कॉलेज के शिक्षकों के संगठन “स्टाफ क्लब” के संज्ञान में आया कि कुछ संगठन कॉलेज की भूमि और उसकी अवसंरचनाओं पर नजर गड़ाए हुए हैं. स्टाफ क्लब ऐसे स्वार्थी व्यक्तियों एवं अराजक तत्वों को आगाह करता है कि यदि आगरा के गौरव दो सौ तीन वर्ष पुराने ऐतिहासिक उच्च शिक्षा संस्थान आगरा कॉलेज की अभिवृद्धि के प्रयासों में सहायक नहीं हो सकते तो इसकी अवसंरचनाओं पर अपनी कुदृष्टि न डालें.' आगरा कॉलेज पहले ही राज्य विश्वविद्यालय अथवा केंद्रीय विश्वविद्यालय हेतु प्रयासरत है जिसके लिए वर्तमान भूमि और अवसंरचनाएँ कम पड़ेंगी. मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा भी पूर्व प्राचार्य की मिलीभगत से आगरा कॉलेज का बहुमूल्य क्रीड़ांगन बिना किसी वैध प्रक्रिया अथवा मुआवजा के ले लिया गया जिसके विरुद्ध स्टाफ क्लब प्रयासरत है.
स्टाफ क्लब ऐसे स्वार्थी एवं संस्था कुत्सित अराजक तत्वों — चाहे वे किसी वर्ग के हों — को चेतावनी देता है कि यदि ऐतिहासिक आगरा कॉलेज के गजट दस्तावेजों के अनुसार कुल तीन सौ चालीस बीघा भूमि के किसी हिस्से अथवा अवसंरचना पर अपनी नजर गड़ाए हों तो इसका विचार त्याग दें. आगरा कॉलेज के एक हजार से अधिक शिक्षक, कर्मचारी एवं लगभग बीस हजार अध्ययनरत उज्ज्वल विद्यार्थी एवं इसके हजारों की संख्या में पूर्व छात्र महाविद्यालय की संपत्ति एवं सम्मान की रक्षा के लिए जी-जान लगा देंगे और ऐसे किसी कुत्सित प्रयास का मुँहतोड़ जवाब देंगे. स्टाफ क्लब राजनीतिक वर्ग, प्रदेश सरकार और प्रशासन से भी आग्रह करता है कि शताब्दियों से शिक्षा प्रदान करते हुए आगरा कॉलेज की अवसंरचनाओं से संबंधित दस्तावेजों में किसी प्रकार का छेड़छाड़ न करें जिससे कि आक्रोशित शिक्षक और छात्रों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़े.
यह कॉलेज अपनी ऐतिहासिकता के साथ अब पूरे उत्तर प्रदेश ही नहीं उत्तर भारत का महत्वपूर्ण शैक्षणिक धरोहर और आगरा की शान है — इसकी भूमि में किसी समुदाय चाहे व्यापारी हो या और कोई किसी कुत्सित मानसिकता से प्रेरित हो — गुस्ताखी नहीं करने दी जाएगी. स्टाफ क्लब के संज्ञान में यह आया है कि किसी व्यापारी मंडल के पदाधिकारी द्वारा प्रदेश शासन को आगरा कॉलेज की भूमि व्यापारियों को देने हेतु मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि आगरा कॉलेज स्टाफ क्लब ऐसी सोच और कुत्सित शिक्षा विरोधी मानसिकता की निंदा करता है और स्टाफ क्लब प्राचार्य महोदय से भी आग्रह करता है कि कॉलेज के मुख्य प्रशासक होने के नाते संस्था की इंच-इंच भूमि और इसकी अवसंरचनाओं की रक्षा का प्रण लेते हुए ऐसे स्वार्थी तत्वों को मुँहतोड़ जवाब दें जिससे कि संस्था का संरक्षण करते हुए इसे पूर्ण विश्वविद्यालय में परिवर्तित किया जा सके. स्टाफ क्लब ने स्पष्ट किया कि राजा की मंडी से सटे आगरा कॉलेज के स्वामित्व की भूमि को उसे वापस किया जाए तथा किसी प्रकार के अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए.