आगरालीक्स …Agra News: आगरा के बड़े एक दर्जन सहित देश भर के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा बम्ब इन द स्कूल, डॉग स्क्वाइड और बम निरोधक दस्ता को कुछ नहीं मिला। ( Agra News: Agra School’s get Hoax Bomb Threat#Agra)
आगरा में मंगलवार सुबह स्कूलों के ईमेल आईडी पर बम्ब इन द स्कूल सब्जेक्ट लिखे मेल देखकर स्कूल प्रशासन सतर्क हो गया। ईमेल के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। ईमेल में स्कूल परिसरों में विस्फोटकों को छिपाने की धमकी दी गई, इसकी जिम्मेदारी रोडकिल और साइलेंस नामक संगठनों ने ली, कुछ ही देर में इस तरह के ईमेल देश भर के करीब 200 स्कूलों को भेजे गए। इसके बाद टीमें जांच में जुट गई।
स्कूलों में टीमों को नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा में श्री राम सेंटेनियल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, जीआई ग्लोबल पब्लिक स्कूल, सेंट पीटर्स, जीडी गोयंका सहित अन्य स्कूलों को ईमेल भेजा गया। सूचना मिलने पर बम डिस्पोजल यूनिट के साथ ही डाग स्क्वाइड भी पहुंच गए, स्कूलों की तलाशी ली गई लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार के अनुसार, स्कूलों से सूचना मिलने पर डॉग स्क्वाइड और बम निरोधक दस्ता भेजा गया था लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकी, घबराएं नहीं संदिग्ध दिखने पर पुलिस को दें सूचना
इससे पहले भी आगरा के स्कूलों में इस तरह के ईमेल से बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी हैं। इससे घबराएं नहीं, स्कूल सहित कहीं पर कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है या कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो उसकी सूचना पुलिस को जरूर दें।