आगरालीक्स…आगरा को इस साल मिलेगी छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम की सौगात. पर्यटन मंत्री ने किया वादा—इस महीने होगा लोकार्पण. ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा बटेश्वर
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा प्रभारी मंत्री आगरा जयवीर सिंह ने आज आगरा दौरे पर छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली. उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि उक्त भवन, नवीन प्री-कास्ट तकनीकी पर निर्मित किया जा रहा था लेकिन निर्माणाधीन भवन में कुछ क्रैक आजाने पर कार्य अवरुद्ध हो गया। मामंत्री ने संग्रहालय की वर्तमान कार्य प्रगति की रिपोर्ट तलब की जिसमें बताया गया कि पूर्व निर्माण एजेंसी टाटा कंसल्टेंसी द्वारा आर्बिटेशन हेतु अपील की गई है उक्त एजेंसी से उच्च स्तर पर वार्ता की गई है जल्द ही समाधान हो जाएगा तथा उक्त हेतु पुनरीक्षित आगणन रु० 19884.12 लाख का स्वीकृति के सम्बन्ध में मुख्यालय लखनऊ प्रेषित किया गया है।
मंत्री द्वारा बताया गया कि छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय की सभी बाधा जल्द दूर कर,पुनरीक्षित आगणन के प्रस्ताव को शासन स्तर से स्वीकृति कराई जाएगी तथा उन्होंने निर्देशित किया कि युद्धस्तर पर कार्य प्रारंभ करा दिसंबर 2025 तक आगरा को एक नई उपलब्धि मिलेगी जिससे पर्यटन तथा पर्यटन उद्योग को गति मिलेगी। मा. मंत्री महोदय ने परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद मंत्री की अध्यक्षता में नवीन सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक संपन्न हुई।मा. मंत्री महोदय द्वारा विगत बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या तथा उक्त की एक प्रति मा.जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराए जाने की जानकारी तलब की, जिसमें बताया गया कि विगत बैठक में दिए सभी निर्देशों का अनुपालन हो गया है।
बैठक में अमृत सरोवर योजना की समीक्षा की गई जिसमें बताया गया कि जनपद में 180 अमृत सरोवर में से 179 पूर्ण हैं 01 अमृत सरोवर पर कार्य अंतिम चरण में है मा. मंत्री महोदय ने 15 दिन में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा पंचायत भवनों के पूर्ण होने पर भी उनके संचालन न होने की समस्या से अवगत कराया गया मा. प्रभारी मंत्री द्वारा ऐसे सभी पंचायत भवनों को जो पूर्ण हैं चिह्नित कर उनका लोकार्पण कराने तथा संचालन के डीपीआरओ को कड़े निर्देश दिए। बैठक में प्राथमिक विद्यालयों के जर्जर भवनों की जगह नवीन भवन बनाए जाने के प्रकरण पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2022 में 13, वर्ष- 2023 में 03 तथा वर्ष 2024 में 09 नवीन भवन की शासन द्वारा स्वीकृति मिली तथा जनपद में 136 जर्जर भवनों को चिह्नित कर सूची प्रेषित की गई है स्वीकृति प्राप्त होते ही कार्य पूर्ण किया जाएगा।
उन्हांने कहा कि आगरा में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों के प्रवास हेतु शासन स्तर पर प्रयास किया जा रहा है जिसमें मथुरा-वृंदावन, आगरा, इटावा का पंचानंदा को मिलाकर पर्यटन सर्किट हेतु कार्य योजना तैयार की जा रही है संबंधित मंत्रालय से अनुमति मिलने के उपरान्त यमुना नदी में क्रूज या स्टीम के माध्यम से एडवेंचर्स जल मार्ग मथुरा वृंदावन से आगरा, बटेश्वर होते हुए पचनदा तक, जहां पांच नदियों का संगम हुआ है, विकसित किया जाएगा। इसके अलावा ईको टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में रपड़ी और बटेश्वर को विकसित किया जा रहा है। प्रदेश और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयास से कई योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए विभाग द्वारा गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।