आगरालीक्स…आगरा में ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट को देखने पहुंचे नये एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार. तीन भागों में बन रहे ग्रेटर आगरा को लेकर दिए ये निर्देश. अटलपुरम टाउनशिप का भी किया निरीक्षण
आगरा के नये एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार ने गुरुवार को रायपुर-रहनकला में विकसित किए जा रहे ग्रेटर आगरा प्रोजेक्ट को देखा. इसके अलावा उन्होंने ककुआ-भांडई स्थित अटलपुरम टाउनशिप का भी स्थल निरीक्षण किया.
ग्रेटर आगरा योजना
ग्रेटर आगरा योजना के अंतर्गत तीन भागों में निर्मित किये जा रहे 45 मीटर महायोजना मार्ग का निरीक्षण किया गया. स्थल पर कार्य चलता हुआ पाया गया. उपस्थित अभियन्ताओं एवं कार्यदायी फर्माें के प्रतिनिधियों को स्थल पर कराये जा रहे समस्त आरसीसी कार्यों की नियमित रूप से मानकों के अनुरूप क्यूरिंग कराने तथा उनके निर्माण की समयावधि प्रदर्शित करने हेतु आवश्यक सूचना प्रदर्शक बोर्ड लगाने के निर्देश दिये गये. पीएमसी द्वारा कार्यों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता चेक करने हेतु लिए जाने वाले समस्त सैंपल योजना के अवर अभियंता अथवा सहायक अभियंता की उपस्थिति में संकलित किये जाने के निर्देश दिये गये. ग्रेटर आगरा योजना में प्रस्तावित हरित क्षेत्र को सर्वप्रथम प्राथमिकता पर विकसित कराने के निर्देश दिये गये. आवंटियों एवं जन सामान्य कोे आकर्षित करने के उद्देश्य से योजना के सुनियोजित विकास के प्रदर्शन हेतु कम से कम एक मॉडल पॉकेट विकसित करने के निर्देश दिए गए. उपस्थित अभियंताओं को यह भी निर्देश दिए गए कि योजना में कराए जाने वाले पौधारोपण का नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण भी अवश्य सुनिश्चित किया जाए। मुख्य अभियन्ता को योजना में प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग भूखंडों के विक्रय हेतु सुविचारित प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये.

अटलपुरम टाउनशिप योजना
अटलपुरम टाउनशिप के निरीक्षण के समय उपस्थित अवर अभियंता, सहायक अभियंताओं को निर्देश दिये गये कि टाउनशिप स्थल का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए तथा कार्य में आने वाली कमियों के फोटोग्राफ्स सहित संक्षिप्त टिप्पणी व्हाट्सएप ग्रुप पर अवश्य पोस्ट की जाये. टाउनशिप विकास कार्यों में ई.पी.सी. एजेंसी द्वारा अपेक्षित प्रगति प्राप्त न किए जाने पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए निर्देश दिये गये कि विकास कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने हेतु प्रगति बढायी जाये। टाउनशिप एरिया में सिंचाई विभाग की नहर के आ रहे भाग की गहराई बढ़ाने एवं उसकी निर्धारित चौड़ाई सुनिश्चित करने हेतु ई.पी.सी. एजेंसी को निर्देश दिए गए.
