आगरालीक्स…आगरा के स्पोटर्स इंजरी स्पेशलिस्ट डॉ. रजत कपूर को मिला एमपी चैप्टर में गोल्ड मेडल. आईओए सेंट्रल जोन के अध्यक्ष बने वरिष्ठ हड्डी एवं ट्रॉमा विशेषज्ञ डॉ. संजय धवन…
आगरा के जाने माने स्पोटर्स इंजरी स्पेशलिस्ट डॉ. रजत कपूर को गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया है. यह गोल्ड मेडल उन्हें एमपी चैप्टर के प्रस्तुतीकरण पर दिया गया है. इनके अलावा वरिष्ठ हड्डी एवं ट्रॉमा विशेषज्ञ डॉ. संजय धवन को इंडियन आर्थोपेडिक एसोसिएशन सेंट्रल जोन का अध्यक्ष बनाया गया है.
आगरा आर्थोपेडिक सोसाइटी के तत्वावधान में होटल क्लार्क्स शिराज में चल रहे सेंट्रल जोन का वार्षिक सम्मेलन के दूसरे दिन, आज हड्डी रोग की व्याधियों के ऊपर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हड्डी रोग विशेषज्ञों डॉ डीडी तन्ना, डॉ अमूल्य कुमार सिंह, डॉ धीरेन्द्र सिंह, डॉ संजय धवन, डॉ अरुण गुप्ता, डॉ ज्ञानेश्वर टोंक, डॉ अशोक विज, डॉ शिवशंकर, डॉ ललित मैनी, डॉ जमाल अशरफ, डॉ मुथा डॉ संदीप कुमार आदि ने प्रतिभाग कर अपने अपने अनुभव एवं नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी. मरीजों के हितलाभ के लिए कम समय में किफायत के साथ भिन्न भिन्न अंगों की हड्डी की शल्य चिकित्सा के बारे में चर्चा के साथ प्रस्तुतीकरण देते हुए व्याधियों के निदान पर प्रकाश डाला.
शाम को वार्षिक आम बैठक में आगरा के जाने माने स्पोर्ट्स इंजरी विशेषज्ञ डॉ रजत कपूर को एम पी चैप्टर के पेपर प्रस्तुतीकरण पर गोल्ड मेडल प्रदान किया गया. इसके बाद, आगरा के वरिष्ठ हड्डी एवं ट्रॉमा विशेषज्ञ डॉ संजय धवन को सेंट्रल जोन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया.