आगरालीक्स…(Video News) आगरा के एक और बड़े सटोरिए की संपत्ति कुर्क. पुलिस ने गैंगस्टर में सटोरिए की 1.15 करोड़ रुपये की संपत्ति की जब्त…तीन मुकदमे हैं दर्ज
आगरा पुलिस ने रविवार को एक और बड़े सटोरिए के खिलाफ संपत्ति कुर्क की कार्रवाई की है. आगरा के केदार नगर में रहने वाले सटोरिए संदीप कुमार के खिलाफ पुलिस ने उसकी 1.15 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है. यह कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई हैं. पुलिस के निशाने पर आगरा के गैंगस्टर एवं सटोरिए हैं. अभी तक कई सटोरियों की संपत्ति पुलिस कुर्क कर चुकी है.
यहां का रहने वाला है सटोरिया
आगरा के थाना शहगंज के केदार नगर में रहने वाले सटोरिया संदीप पुत्र मंगल के खिलाफ पुलिस ने यह कार्रवाई की है. एसपी सिटी फोर्स के साथ रविवार को केदार नगर पहुंचे. यहां कॉलोनी में आरोपी की संपत्ति जब्त करने में मुनादी कराई. इस दौरान वहां कॉलोनी के लोग जुट गए. मुनादी के बाद पुलिस ने संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की प्रक्रिया की. करीब आधा घंटे तक पुलिस की कार्रवाई चली. एसपी सिटी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि गलत कामों का नतीजा यही होता है.
इससे पहले पुलिस ने तेल माफिया नीरज की 2.25 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी. वहीं शातिर अपराधी सनी कबाड़िया पुत्र रामबाबू निवासी भगत की झोपड़ी, नगला गूलर थाना जगदीश पुरा द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति को कुर्क करने के लिए पुलिस ने ढोल नगाड़ा बजाकर मुनादी कराते हुए संपत्ति कुर्क की कार्यवाही की गई. शातिर अपराधी सनी कबाडिया पर 16 मुकदमे थानों में दर्ज हैं. सनी कबाडिया द्वारा अवैध गोरखधंधे से अर्जित की गई 3 करोड रुपए की संपत्ति पुलिस प्रशासन द्वारा कुर्क की गई. मंटोला में फरीदउद्दीन उर्फ फरीद पहलवाल की 38 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है. थाना छत्ता में सारिक अहमद कुरैशी के खिलाफ भी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई. इसकी संपत्ति करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये है.