आगरालीक्स…आगरा में ताजमहल की सुरक्षा करेगा एंटी ड्रोन सिस्टम. पाकिस्तान द्वारा किए गए ड्रोन हमलों के बाद हाईटेक होगी ताज की सुरक्षा. रेडिएशन अटैक के लिए टीम रहेगी. यमुना में तैनात होंगी स्पीड बोट
पाकिस्तान द्वारा हाल ही में भारत पर किए गए ड्रोन हमले को लेकर अब ताजमहल की सुरक्षा को हाईटेक किया जाएगा. इसके लिए एंटी ड्रोन सिस्टम मंगया जा रहा है. एडीजी सुरक्षा रघुवीर लाल के निर्देश पर आगरा को जल्द ही ये सिस्टम मिलने जा रहा है और अगले दो—तीन दिन में सिस्टम आगरा पहुंच जाएगा. सोमवार को ताजमहल सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एडीजी सुरक्षा ने यह जानकारी दी. चार घंटे चली मैराथन बैठकसोमवार को एडीजी सुरक्षा रघुवीर लाल ने ताजमहल का दौरा किया और सुरक्षा अधिकारियों के साथ लगभग चार घंटे की लंबी बैठक की जिसमें एंटी ड्रोन सिस्अम के साथ यमुना में स्पीड बोट तैनात करने का निर्णय लिया गया. निरीक्षण के दौरान ताजमहल परिसर के सभी प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, सुरक्षा चेक प्वाइंट्स, आगंतुकों के मार्ग, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था एवं पर्यटकों की सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया गया. एसीपी ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद ने बताया कि भविष्य में अगर ताजमहल पर केमिकल, बायो या रेडिएशन अटैक जैसी स्थिति बनती है तो उससे निपटने के लिए एक सीबीआरएन टीम तैयार की जाएगी. इस टीम का काम हमले में लोगों को सुरक्षित निकालना और संदिग्ध वस्तुओं को डिस्पोज करना होगा.