आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी में एनॉलॉग से बने पनीर सहित सभी डेयरी प्रोडक्ट्स पर प्रतिबंध. स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने पर महाराष्ट्र के बाद अन्य राज्यों में भी इस पर लग रही रोक. जानें क्या है एनालॉग…
महाराष्ट्र से शुरू हुई एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट पर बैन की मुहिम अब धीरे—धीरे अन्य राज्यों में भी पहुंच गई है. महाराष्ट्र के बाद छत्तीसगढ़, जम्मू कश्मीर और मध्य प्रदेश के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी सरकार ने एनालॉग डेयरी प्रोडक्ट पर प्रतिबंध लगा दिया है. साथ ही पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं. जिसमें प्रतिष्ठान का निर्माण कार्य तत्काल बंद कराने के साथ ही खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई होगी. यूपी के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने 15 अगस्त को जारी संशोधित आदेश में अधिकारियों को यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चत करने के निर्देश दिए हैं.
आगरा के लोग खाने पीने के शौकीन है और पनीर यहां का फेवरेट है. पनीर की डिमांड और इसका यूज इतना अधिक है कि आगरा में अब पनीर हर किसी डिश के साथ दिया जाने लगा है. फास्ट फूड से लेकर चाउमीन, आमलेट, मोमोस तक में बेहिसाब पनीर इस्तेमाल हो रहा है. आगरा की गलियों में खड़ी ठेल ढकेल से लेकर शहर के लगभग सभी फूड मार्केट में हर खाने में पनीर भरपूर सर्व किया जा रहा है, लेकिन क्या यह पनीर असली पनीर है, नहीं यह असली पनीर नहीं बल्कि यह एनालॉग पनीर है. एनालॉग पनीर बिल्कुल असली पनीर की तरह दिखाई देता है, लेकिन यह पनीर असली पनीर की अपेक्षा काफी सस्ता होता है.
जानिए क्या है एनालॉग पनीर
एनालॉग पनीर एक आर्टिफिशियल डेयर सब्स्टिट्यूट है, जिसे पाम आयल और दूसरे टेक्स्चर का इस्तेमाल करके बनाया जाता है. यह दिखने में आम पनीर जैसा ही होता है लेकिन यह डेयर प्रोडक्ट नहीं है, इसे आर्टिफिशियल चीजों और केमिकल एडिटिव्स का इस्तेमाल करके बनाया जाता है. इसमें स्टार्च या आटा, मिल्क सॉलिड या स्किम्ड मिल्क पाउडर, प्रिजर्वेटिव और आर्टिफिशियल फ्लेवर मिलाए जाते हैं.
आम पनीर से कितना अलग
आम पनीर दूध को नींबू के रस या सिरका जैसी खट्टी चीज से फाड़कर बनाया जाता है. इसके उलट एनालॉग पनीर को बहुत अधिक प्रोसेस किया जाता है और इसमें ऐसी चीजें और एडिटिव्स मिलाए जाते हैं जो असली पनीर जैसा टेक्सचर और रूप देते हैं. एनालॉग पनीर होटल और रेस्टोरेंट वालों के लिए एक सस्ता आप्शन है, इसमें प्रोटीन तो नार्मल पनीर की तुलना में कम होता है लेकिन वेजिटेबल आयल और स्टार्च मिलाने के कारण इसमें अनहेल्दी फैट और कार्बोहाइड्रेट ज्यादा होते हैं. इसमें कैल्शियम और विटामिन जैसे जरूरी पोषक नहीं होते जो आम पनीर में पाए जाते हैं.
एनालॉग पनीर सेहत के कितना खतरा
इस संबंध में आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के डॉ. प्रभात अग्रवाल का कहना है कि एनालॉग पनीर देखने में असली पनीर जैसा ही लगता है, लेकिन सेहत पर इसके बुरे असर हो सकते हैं. इस तरह के पनीर को रेगुलर खाने से कोलेस्ट्रॉल लेवर बढ़ सकता है जिससे मोटापा बढ़ता है और दिल की बीमारी का खतरा भी बन जाता है. इसके अलावा पेट फूलना, गैसा या अपच जैसी पाचन से जुड़ी दिक्कतें भी हो सकती हैं. खासकर उन लोगों को जिनको पहले से ही पेट से संबंधित कोई बीमारी है.
कैसे पहचाने एनालॉग पनीर
एनालॉग पनीर और आम पनीर देखने में एक जैसे होते हैं लेकिन कुछ तरीकों से आप एनालॉग पनीर को पहचान सकते हैं. असली पनीर मुलायम और चिकना होता है. एनालॉग पनीर में तेल और स्टार्च होने के कारण यह रबर जैसा या चिपचिपा लग सकता है. असली पनीर का स्वाद ताजा और दूध जैसा होता है, जबकि एनालॉग पनीर का स्वाद फीका या थोड़ा बनावटी हो सकता है.