आगरालीक्स…यूपी में 2027 में भी बनेगी भाजपा की सरकार. पहली बार आए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया दावा. कहा—योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर और कानून व्यवस्था पर जनता को भरोसा
उत्तर प्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी शनिवार को आगरा आए. पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनको जोश और उत्साह के साथ स्वागत किया. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और जमीन से जुड़े होने के बल पर ही भाजपा की सरकार है. उन्होंने दावा किया 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार प्रदेश में बनेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनहितकारी नीतियों और योजनाओं की वजह से ही प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी.

कार्यकर्ताओं में भरा जोश
एमजी रोड स्थित द रमाना ग्रांड में आयोजित संगठनात्मक बैठक में पहुंचे पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को हो रहा है और यही कारण है कि मतदाता सरकार पर पूर्ण विश्वास करता है और यह विश्वास 2027 में फिर से भाजपा सरकार के रूप में सामने आएगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र दल है जिसके कार्यकर्ता जमीन पर मेहनत करते हैं और निष्ठा के बल पर ही सामान्य कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है. उन्होंने कार्यकर्ताटओं से आहृवान किया कि वे सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करें क्योंकि कार्यकर्ताओं की मेहतन के बल पर ही भाजपा फिर से यूपी में सत्ता में लौटेगी.
