आगरालीक्स…आगरा में सिकंदरा स्थित ग्रीन एन्क्लेव के पास परिषदीय भूमि पर हुए अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर. बाउंड्रीवॉल और चबूतरे के अवैध निर्माण को किया ध्वस्त
आवास एवं विकास परिषद द्वारा संचालित सिकन्दरा योजना, सेक्टर–2 स्थित ग्रीन एन्क्लेव के समीप परिषदीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को प्रवर्तन दल की कार्रवाई में ध्वस्त करा दिया गया। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी. एम. ख़ान ने बताया कि अधीक्षण अभियंता अतुल कुमार के आदेश पर निहाल सिंह पुत्र देवी राम द्वारा लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य की परिषदीय भूमि पर कब्ज़ा करने की नियत से की गई बाउंड्रीवाल एवं चबूतरे के अवैध निर्माण को तोड़ा गया। यह कार्रवाई अधिशासी अभियंता सूरजपाल सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन दल की देखरेख में जेसीबी मशीन द्वारा की गई। अभियान के दौरान प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी. एम. ख़ान, अभियंता मयंक कौशिक, अभियंता श्री सुनील, परिषद के अन्य कर्मचारी एवं प्रवर्तन दल टीम के सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता ने यह स्पष्ट किया कि परिषदीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्ज़ा या निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।