आगरालीक्स…‘सामाजिक समरसता ही हिंदुत्व का प्राण’, आगरा में महंत अवेद्यनाथ के विचारों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
विश्व हिंदू महासंघ आगरा मंडल की ओर से परिणय बैंक्वेट हॉल में ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि पर सामाजिक समरसता संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, संगठन के पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने महंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मुख्य वक्ता एवं विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक पूज्य महंत मुकेशनाथ जी महाराज ने कहा कि महंत अवेद्यनाथ जी महाराज का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा को समर्पित रहा। उनका मानना था कि ‘सामाजिक समरसता हिंदुत्व का प्राण है।’ उन्होंने जाति-पंथ के भेदभाव से ऊपर उठकर समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और अधिकार दिलाने तथा संगठित हिंदू समाज के निर्माण का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी महाराज अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के विचारों और संकल्पों को आगे बढ़ा रहे हैं। सामाजिक समरसता, हिंदू समाज की एकता, राष्ट्रसेवा, गौसेवा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के क्षेत्र में उनके कार्य प्रेरणादायी हैं। महंत मुकेशनाथ जी महाराज ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन विस्तार के साथ समाजसेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि महंत अवेद्यनाथ जी महाराज को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज से भेदभाव समाप्त कर सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ा जाए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गोरक्षा प्रकोष्ठ नागेश्वर प्रसाद मिश्रा, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार प्रकोष्ठ गौरव राय, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ सुभाष पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष मातृशक्ति शालिनी पाठक, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश द्विवेदी व राजकुमार पाठक, योगी दिलीप नाथ जी महाराज, योगी प्रभु जी महाराज, आगरा मंडल प्रभारी अंतेश चौहान, आगरा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, मथुरा जिलाध्यक्ष वीरपाल, फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने सामाजिक समरसता और राष्ट्रसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हिंदू समाज को संगठित, संस्कारित और सशक्त बनाने का संकल्प लिया।