आगरालीक्स ….आगरा से लापता हुए कारोबारी के पुत्र का शव मिला, 31 दिसंबर को स्कूटी से घर से निकले थे, 30 जनवरी को होनी थी शादी।
आगरा की सेठ गली के रहने वाले संजीव अग्रवाल का कांच का कारोबार है, दुकान पर उनका 29 साल का बेटे आकाश अग्रवाल भी बैठता था। 31 दिसंबर को आकाश बाजार जाने की कहकर स्कूटी से निकले थे, शाम तक उसके न आने पर परिजनों ने फोन किया, आकाश ने कहा कि घर आने में समय लग जाएगा। कुछ देर बाद मोबाइल भी स्विच आफ हो गया, परिजन सीसीटीवी फुटेज से आकाश का पता लगाने में जुटे थे, खंदारी चौराहे के पास आकाश का फुटेज मिला था।
हाईवे पर वाहन की चपेट में आने से मौत
बुधवार को अरतौनी, सिकंदरा में वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी थी, आकाश के परिजनों को फोटो दिखाया गया। परिजनों ने फोटो और कपड़ों से आकाश की शिनाख्त कर ली। आकाश की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, पुलिस जांच में सामने आया है कि आकाश की 30 जनवरी को शादी होनी थी। हादसे की जांच में पुलिस जुटी हुई है।