आगरालीक्स…आगरा में पुलिसकर्मी के खिलाफ रेप, मर्डर और हरिजन एक्ट में मुकदमा. सिपाही के कमरे में मृत मिली थी युवती…
आगरा के थाना छत्ता में तैनात पुलिसकर्मी के खिलाफ रेप, मर्डर और हरिजन एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी सिपाही के कमरे में एक युवती का शव मिला था. युवती की संदिग्ध मौत पर युवती के भाई ने यह मुकदमा दर्ज कराया है. इधर आरोपी सिपाही अभी तक फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
ये है मामला
आरोपी सिपाही का नाम राघवेंद्र सिंह है जो कि थाना छत्ता में तैनात था. सिपाही के कमरे में हमीरपुर की रहने वाली एक महिला मित्र का शव मिला था. युवती की उम्र 22 वर्ष है. बताया जाता है कि सिपाही उसे एत्माद्दौला क्षेत्र के एक अस्पताल में ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद सिपाही वहां से फरार हो गया. महिला गुरुग्राम के किडनी केअर अस्पताल में नौकरी करती थी. घटना संज्ञान में आने के बाद एसीपी में तत्काल प्रभाव से सिपाही को निलंबित कर दिया है. सिपाही राघवेंद्र सिंह झांसी का रहने वाला है और बेलनगंज में एसीपी छत्ता पेशी कार्यालय के पास ही कमरा किराए पर लेकर रह रहा था.
सिपाही राघवेंद्र सुबह 9:30 बजे कार्यालय आया था और 15 मिनट बाद कमरे पर जाने की कहकर चला गया. बाद में उसने दूसरे सिपाही आकाश को फोन करके बताया कि उसकी महिला मित्र कमरे पर रुकी हुई थी उसने फांसी लगा ली है. महिला की मौत की सूचना पर एत्माद्दौला पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन सिपाही तब तक वहां से फरार हो चुका था. बाद में सिपाही के कमरे की तलाशी लेने पर एक लोहे का तार मिला. आशंका जताई जा रही है कि उसी से हत्या की गई है. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं.