आगरालीक्स…आगरा में दिवाली से पहले घर में लाखों का कैश और ज्वैलरी चोरी. सन्न रह गया परिवार
आगरा में दिवाली से पहले बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है. चोरों ने थाना ताजगंज क्षेत्र के बझेरा गांव में एक घर से लाखों रुपये की ज्वैलरी और कैश चोरी कर लिया है. चोर घर के अंदर रखी लाइसेंसी बंदूक और 30 कारतूस भी चोरी कर ले गए हैं. आहट पर मकान मालिक जाग गया और उसने बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन बदमाशों ने फायर कर दिया जिससे वो वहीं रुक गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच कर रही है.
घटना थाना ताजगंज के बझेरा गांव की है. यहां महेशपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं. बीती रात परिवार घर में सो रहा था. दिवाली पर सफाई चलने के कारण सीढ़ी घर के बाहर दीवार से लगी रह गई थी. बताया जाता है कि रात करीब दो बजे दो चोर सीढ़ी की मदद से छत पर आ गए और इसके बाद झीने के रास्ते कमरों में पहुंच गए. आहट होने पर महेशपाल की पत्नी संजू देवी जाग गईं. उन्प्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया. शोर सुनकर महेशपाल भी जाग गए, लेकिन चोर भागने लगे. इस पर महेशपाल ने उनका पीछा किया. जगार होने पर अन्य ग्रामीण भी आ गए लेकिन चोरों ने फायरिंग कर दी जिससे सभी लोग पीछे रुक गए.
महेशपाल ने घर आकर देखा तो अलमारी और संदूक के ताले टूटे हुए थे. घर में रखी पांच लाख की नकदी और करीब 45 तोला सोना, एक किलो 700 ग्राम चांदी के आभूषण गायब थे. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. पुलिस बदमाशों द्वारा भागे गए रास्ते पर पहुंची तो तलाशी में रास्ते में पड़ी बंदूक उन्हें मिल गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.