आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में बाल कलाकारों ने ‘पंच परिवर्तन’ की भावना से दिया राष्ट्र निर्माण का सशक्त संदेश. डांस, ड्रामा और सिंगिंग की प्रस्तुतियां दीं
माही इंटरनेशनल स्कूल का भव्य वार्षिक समारोह “माही मिलन–2025” अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ। इस वर्ष का वार्षिक समारोह “पंच परिवर्तन” की राष्ट्रीय अवधारणा पर आधारित रहा, जिसमें कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, सामाजिक समरसता एवं स्व-बोध (स्वावलंबन) जैसे पांच महत्वपूर्ण तत्वों को केंद्र में रखा गया। कार्यक्रम में माही के 808 बाल कलाकारों ने नृत्य, नाट्य, गीत एवं मंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से यह प्रभावशाली संदेश दिया कि यदि इन पांच तत्वों को हम अपने दैनिक जीवन में अपनाएं, तो राष्ट्र का सर्वांगीण विकास निश्चित है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र जी (प्रांत प्रचारक, ब्रज प्रांत – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ), विद्यालय के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रबंध ट्रस्टी मंजरी अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि एसीपी सैंया सुकन्या शर्मा, एसीपी खेरागढ़ प्रीता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में राजेश (प्रांत संगठन मंत्री – विश्व हिंदू परिषद), जितेंद्र (आरएसएस, आगरा जिला प्रचारक), महेश गोयल (पूर्व विधायक), सुधीर गर्ग (चेयरमैन, खेरागढ़), दिग्विजय (संयोजक – बजरंग दल), राजेश गोयल (कैंटोनमेंट बोर्ड सदस्य), रजत (विभाग संगठन मंत्री, आगरा – एबीवीपी), राजीव त्रिवेदी (अध्यक्ष – संस्कार भारती आगरा), ओम स्वरूप गर्ग (संस्कार भारती आगरा), ललित जी (उपाध्यक्ष – भाजपा युवा मंडल), सीए प्रमोद चौहान, सीए राजेश मल्होत्रा, सीए प्रशांत शर्म, डॉ. सचिन गोयल एवं श्री राहुल चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद पंच परिवर्तन के पांचों विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियों की श्रृंखला आरंभ हुई। सामाजिक समरसता विषय पर विद्यार्थियों ने नृत्य-नाट्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि जाति, वर्ग और भेदभाव से ऊपर उठकर हमें एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए तथा समाज की समस्याओं को मिलकर सुलझाना चाहिए। नागरिक कर्तव्य की प्रस्तुति में संविधान के अनुच्छेद 51(क) में वर्णित मूल कर्तव्यों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया और बताया गया कि जब कर्तव्य पालन की शुरुआत स्वयं से, परिवार और समाज होते हुए राष्ट्र तक पहुंचेगी, तभी भारत सशक्त बनेगा।
स्व-बोध (स्वावलंबन) के अंतर्गत छात्रों ने स्वदेशी जीवनशैली, आत्मनिर्भरता, भारतीय भाषा, संस्कृति एवं परंपराओं को अपनाने का संदेश दिया, जिससे भारत ‘आत्मनिर्भर’ बन सके। कुटुंब प्रबोधन की प्रस्तुति में पारिवारिक मूल्यों, आपसी संवाद, साथ समय बिताने एवं रिश्तों को मजबूत करने की आवश्यकता को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया गया। पर्यावरण संरक्षण विषय पर छात्रों ने जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग से बचाव और वृक्षारोपण जैसे संदेश देकर पर्यावरण को ‘मां’ के समान मानकर उसकी रक्षा का आह्वान किया। मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि पंच परिवर्तन के ये तत्व हमारी सभ्यता की जड़ें हैं, जिन्हें हमारे पूर्वजों ने सदियों तक अपनाया। आज पुनः इन्हें जीवन में उतारने का समय है और माही के विद्यार्थियों ने इसे अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा कहा कि माही इंटरनेशनल स्कूल केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए जिम्मेदार नागरिक तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान सत्र 2025–26 के मेधावी विद्यार्थियों एवं विभिन्न उपलब्धि प्राप्त छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित भी किया गया। कुल मिलाकर माही मिलन–2025 एक अत्यंत मूल्यवान एवं प्रेरणादायक आयोजन रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने यह सशक्त संदेश दिया कि व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक, पर्यावरणीय एवं राष्ट्रीय विकास में हम सभी अपनी-अपनी भूमिका निभाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं।