आगरालीक्स…जनक मंच पर विराजे प्रभु सीताराम की एक झलक को उमड़ी लोगों की भीड़. प्रभु राम की आरती की…
आगरा के कमला नगर में सजी जनकपुरी के दूसरे दिन आज भगवान श्रीराम और जानकी के दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. हर कोई उनकी एक झलक पाने के लिए आतुर दिखा. जनकपुरी को जाने वाले हर मार्गों पर भीड़ अच्छी खासी रही.वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह भी जनकपुरी महोत्सव में शुक्रवार को शामिल हुए. उन्होंने कहा कि भगवान राम एक व्यक्ति नहीं, व्यक्तित्व हैं। वह सनातन धर्म, सनातन संस्कृति और आदर्श जीवन का प्रतीक हैं। अगर हम अपने जीवन को उच्चतम आदर्शों पर पहुंचाना चाहते हैं तो हमें भगवान राम की तरह आदर्श जीवन जीना सीखना होगा। इससे पूर्व गगन भेदी जयकारों और ड्रोन द्वारा पुष्प वर्षा के बीच जनक मंच पहुंचे प्रभु राम, उनके अनुज भ्राताओं और माता जानकी की आरती उतारी।

इससे पूर्व जब प्रभु राम अपने भ्राताओं और माता जानकी के साथ अलग-अलग घोड़े पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हुए जनक मंच के लिए महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से निकले तो मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती, दर्शन, जयकारों और उनके साथ सेल्फी के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.. जब प्रभु राम, माता सीता और शेष स्वरूप जनक मंच पर पहुंचे तो ड्रोन द्वारा पुष्प वर्षा की गई। हजारों भक्तों ने जयकारे लगाए। प्रभु राम भी निरंतर मंद मंद मुस्कुराते रहे, सब पर प्यार लुटाते रहे और अपना आशीर्वाद हाथ उठाकर बरसाते रहे..