आगरालीक्स ….आगरा में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चेकिंग देखकर ट्रक को छोड़कर भाग गए वाहन चालक, 30 से अधिक ट्रक और ट्रोली पकड़े गए।

आगरा में शुक्रवार को एसडीएम खेरागढ़ अनुज नेहरा ने टीम के साथ न्यू दक्षिणी बाईपास पर कार्रवाई की, सड़क से गुजर रहे ट्रैक्टर, ट्रक और ट्रॉली जिनमें बालू और गिटटी भरी हुई थी उन्हें रोकना शुरू कर दिया। अचानक से चेकिंग शुरू होने से ट्रक और ट्रैक्टर चालकों में खलबली मच गई। न्यू दक्षिणी बाईपास से जा रहे वाहन रुक गए, इधर उधर होकर भागने लगे, पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। ट्रक और ट्रॉली की संख्या बढ़ने पर और टीमें बुलाई गईं। मलपुरा और किरावली से भी पुलिस फोर्स बुला लिया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉली को रोक दिया और कार्रवाई की।
न्यू दक्षिणी बाईपास पर लगी वाहनों की लंबी लाइन
जिला प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई से न्यू दक्षिणी बाई पास पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। ट्रक और ट्रॉली चालकों से पुलिस की टीमें पूछताछ कर रही हैं, इन्हें कहां ले जा रहे थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।