आगरालीक्स…आगरा की डॉ. निहारिका मल्होत्रा श्री दत्ता मेघे ऑरेशन के लिए आमंत्रित. मेटरनिटी केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार साझा किए…
देवली सावंगी ऑब्स्टेट्रीक्स एंड गायनेकोलॉजीकल सोसायटी वर्धा की ओर से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सावंगी वर्धा, महाराष्ट्र में आयोजित श्री दत्ता मेघे ऑरेशन के लिए आगरा से उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल की आईवीएफ विशेषज्ञ डॉक्टर निहारिका मल्होत्रा को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने रिस्पेक्टफुल मैटरनिटी केयर पर ऑरेशन दिया।

प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर निहारिका मल्होत्रा ने मेटरनिटी केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर अपने विचार साझा किए और गर्भवती महिलाओं के लिए गरिमा और सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सम्मानजनक मातृत्व देखभाल का अर्थ है गर्भवती महिलाओं को उनके मातृत्व के सफर में गरिमा, सम्मान और संवेदनशीलता के साथ देखभाल प्रदान करना। यह महिलाओं की भावनाओं, जरूरतों और चिंताओं को समझने, उन्हें बिना किसी भेदभाव के सुरक्षित और समान वातावरण देने पर आधारित है। इसमें हर महिला को उनके देखभाल से जुड़े फैसलों में शामिल करना, संवेदनशील और सकारात्मक संवाद का उपयोग करना, और गरिमा व समानता सुनिश्चित करना शामिल है। यह न केवल एक चिकित्सा सेवा है, बल्कि महिलाओं के मातृत्व अनुभव को खुशहाल और सशक्त बनाने का एक मानवीय कर्तव्य भी है।

खास बात यह है कि यहीं से डॉक्टर मल्होत्रा ने अपनी मेडिकल की पढ़ाई की, आज वहीं उन्हें एक सम्माननीय वक्ता और एलुमनाई के तौर पर आमंत्रित किया गया। यह न केवल उनके लिए बल्कि पूरे संस्थान और हम सबके लिए गर्व की बात है। आपको बता दें कि दत्ता मेघे मेडिकल कॉलेज देश के प्रमुख संस्थानों में से एक है। इसे विभिन्न श्रेणियों में कई राष्ट्रीय रैंकिंग संस्थाओं ने स्थान दिया है। क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग दत्ता द्वारा दत्ता मेघे मेडिकल कॉलेज की रैंकिंग एशिया श्रेणी में 651 -700 पर रही। इसकी गिनती देश के शीर्ष संस्थानों में की जाती है। यही वजह है कि छात्र यहीं से पढ़ाई करना पसंद करते हैं।