आगरालीक्स…आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विवि की परीक्षाएं 29 अप्रैल से. 3 सत्रों में होंगी परीक्षाएं. जानें पूरी जानकारी
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत स्नातक स्तर के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की बीए, बीएससी, बीकॉम एवं परास्नातक स्तर की एमएससी, एमकॉम सप्तम/प्रथम सेमेस्टर के छात्र छात्राओं की परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है. यह परीक्षा 29 अप्रैल से शुरू होगी और 31 मई को समाप्त होंगी. 29 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षाओं में स्नातक स्तर और परास्नातक स्तर पर सभी विषयों की परीक्षा लिखित परीक्षा के आधार पर होगी और इन परीक्षाओं की समय सीमा 3 घंटा रहेगी.

यह परीक्षाएं तीन सत्रों में संपन्न कराई जाएंगी. पहला सत्र सुबह 7 बजे से 10 बजे का होगा और दूसरा सत्र 11 से दोपहर 2 बजे का होगा. वहीं तीसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगा. विवि द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा की डेट शीट जारी कर दी गई है. साथ ही विद्यार्थियों को यह भी बताया गया है कि परीक्षा के समय किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को लाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी है.
परीक्षा में प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में फेल हुए छात्र बैक पेपर की परीक्षा में शामिल हो सकते हैं. साथ ही जिन स्टूडेंट्स के अंक सुधार होने हैं, वह भी इस परीक्षा के एक प्रश्न पत्र में सम्मिलित हो सकते हैं. वहीं स्नातक स्तर की प्रथम और तृतीया सेमेस्टर की परीक्षा में कोकुरीकुलर की विषय की परीक्षा ओएमआर शीट पर आधारित होगी और इसकी समय सीमा दो घंटा रहेगी.