आगरालीक्स…सावन माह के बीच में शुरू हुआ पुरुषोत्तम मास. इस मास का पहला सोमवार 24 को. सावन में सोमवार के व्रत रखने को लेकर ये है महंतों का कहना
सावन माह के बीच में पुरुषोत्तम मास शुरू हो गया है और इस मास का पहला सोमवार 24 जुलाई को है. ऐसे में जो लोग सावन माह के सोमवार को उपवास रखते हैं उनमें दुविधा है कि वह सावन मास के बीच में पड़े पुरुषोत्तम मास में क्या सोमवार को सावन का व्रत रख सकते हैं या नहीं.
अभी पुरुषोत्तम मास यानी अधिक मास चल रहा है जो कि 16 अगस्त तक चलेगा. इस महीने में जरूरतमंद लोगों को धन और अनाज का दान करने की परंपरा है. अधिक मास में किए गए दान का पुण्य पूरे परिवार को मिलता है. चूंकि यह मास इस बार सावन माह के बीच में आया है तो इस बारे में कैलाश महादेव मंदिर के महंत गौरव गिरि जी महाराज का कहना है कि पुरुषोत्तम मास में भी पड़ने वाले सोमवार को लोग सावन मास की तरह के सोमवार जैसा व्रत रख सकते हैं. यह माह भगवान की आराधना का माह है. ऐसे में इस दौरान किए जाने वाले सभी धार्मिक काम और दान का 10 गुना फल मिलता है. पुरुषोत्तम महीने के देवता भगवान विष्णु है और सावन माह में शिवजी को सबसे अधिक प्रिय है. ऐसे में सावन माह के बीच में शुरू हुए पुरुषोत्तम मास के सोमवार को भी भगवान शिव का व्रत रख सकते हैं.