आगरालीक्स…आगरा में सूदखोरों से परेशान फाइनेंस कर्मी ने उठाया खौफनाक कदम. भाई को मैसेज भेजा और खुद को मारी गोली..
आगरा में सूदखोरों से परेशान होकर फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने बुधवार को खुद को गोली मार ली. उसने गोली मारने से पहले अपने बड़े भाई को मैसेज और लोकेशन भेजी और आत्महत्या की जानकारी दी. युवक को गंभीर हालत में निजी अस्प्ताल में भर्ती कराया गया है. इधर पुलिस मामले की जांच कर रही है.रामबाग चौराहे पर राठौर पेटीज की दुकान चलाने वाले कुंवर पाल सिंह का बेटा राहुल राठौर फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता है. बड़े बेटे विवेक ने बताया कि राहुल पर पांच लाख रुपये का कर्जा था और सूदखोर उसे लगातार परेशान कर रहे थे. लगातार मानसिक तनाव, धमकियों और आर्थिक दबाव से वह काफी समय से परेशान था.
बुधवार शाम को राहुल झरना नाले के पास पहुंचा और बड़े भाई को मैसेज भेज कर आत्महत्या की जानकारी दी. इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली. सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने राहुल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. सूदखोर कौन हैं इनके बारे में भी पता किया जा रहा है.